मेरठ महानगर में ‘काले तेल का खेल’ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। लिसाड़ी गेट के खुशहाल नगर में घनी आबादी के बीच पेट्रोल-डीजल में मिलावट के लिए बनाए गए अवैध गोदाम में मंगलवार को धमाके के साथ भीषण आग लग गई। आग में पेट्रोल-डीजल से भरे ड्रम धमाके के साथ फटने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम मालिक व उसका बेटा झुलस गया। पोल खुलने के डर से घटना के दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
अवैध तेल गोदाम में आग: कर्मचारी ने बीड़ी जलाकर फेंकी थी तीली, धमाके से फटे ड्रम, कई घरों में आई दरारें, पिघला सामान
शिकायत पर देते थे धमकी
लोगों ने घटना के लिए खुशहाल नगर अमन वेलफेयर सोसाइटी को भी जिम्मेदार ठहराया। लोगों के अनुसार डेढ़ साल से गोदाम में पेट्रोल-डीजल में मिलावट की जाती थी, जिसे बंद कराने की मांग की थी, लेकिन गोदाम मालिक कलवा जान से मारने की धमकी देकर चुप करा देता था।
लोगों ने विरोध में ‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर भी लगाए थे। कमेटी ने धमकाकर पोस्टर हटवा दिए थे। लोगों का आरोप है कि सब कुछ पता होते हुए भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। खरखौदा में भी केमिकल की अवैध फैक्टरी चलाने वाला भी स्थानीय लोगों को इसी तरह धमकी देता था।
पड़ोस के मकानों में आई दरार, कई में सामान पिघला
धमाके की आवाज से लोग दहशत में आ गए और घरों से जरूरी सामान उठाकर भागने लगे। पूरे क्षेत्र में भगदड़ मची रही। काफी दूर से आग की लपटें और धुआं देखा जा सकता था। आग के विकराल रूप का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता था कि 40 मीटर दूर तक के मकानों में काफी सामान पिघल गया। पास ही रहने वाले सूफी जमील, आसिफ, छोटे, फजला, मोबिन के घरों में धमाकों से दरार तक आ गई।
कर्मचारी ने बीड़ी जलाकर फेंकी थी तीली
खुशहाल नगर में मिलावटी पेट्रोल-डीजल के गोदाम में आग एक चिंगारी से भड़की और फैलती चली गई। अवैध गोदाम में आग बुझाने के कोई इंतजाम नहीं थे। इस गोदाम में मिलावटी पेट्रोल बनाने वाले कर्मचारी की लापरवाही से आग लगना बताया गया। फायर ब्रिगेड के मुताबिक कारखाने में एक कर्मचारी बीड़ी पी रहा था, तभी उसने जलती हुई तिल्ली फेंक दी, जो पेट्रोल-डीजल के ड्रम पर जा गिरी।
आग की लपटें उठते ही वहां पर काम कर रहे कर्मचारी तो भाग निकले जबकि गोदाम का मालिक और उसका बेटा आग बुझाने में लग गए। दोनों पिता-पुत्र आग बुझाने और सामान समेटने के चक्कर में झुलस गए। कारखाने में आग बुझाने का एक भी उपकरण नहीं था। भीषण आग के साथ पेट्रोल-डीजल से भरे ड्रम फट रहे थे, जिससे आसपास के लोगों में अफरातफरी मची हुई थी।