ढाई लाख के कुख्यात बदन सिंह बद्दो ने पूर्व डीजीपी बृजलाल की किताब को लेकर अपने सोशल मीडिया हैंडल से कुछ ऐसा पोस्ट कर डाला कि अफसर आगबबूला हो गए। कुख्यात बदन सिंह ने पूर्व डीजीपी बृजलाल की किताब पर सवाल उठाए हैं। इस पोस्ट के इंस्टाग्राम पर डालते ही ढाई लाख का इनामी अपराधी बदन सिंह बद्दो एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि फरार चल रहा बद्दो अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है लेकिन अब साइबर सेल की टीम उसकी लोकेशन निकालने के लिए जुट गई है। इंस्टाग्राम के हेड ऑफिस कैलिफोर्निया ईमेल भेजी गई है।
Meerut: ढाई लाख के इनामी 'बद्दो' ने पूर्व DGP के खिलाफ डाली पोस्ट, आगबबूला हुए अफसर, कैलीर्फोनिया भेजा ईमेल
पौने चार साल पहले मेरठ के एक होटल से फरार हुआ कुख्यात बदन सिंह बद्दो कई बार सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल चुका है। ढाई लाख के इनामी बद्दो ने फिर से इंस्टाग्राम पर पोस्ट डाली है। बताया गया कि बदन सिंह बद्दो द्वारा छह दिन पहले की गई पोस्ट में पूर्व आईपीएस अधिकारी बृजलाल की किताब के 10 पन्ने एडिट करके शेयर किए हैं। कुख्यात माफिया बदन सिंह बद्दो उत्तर प्रदेश पुलिस का ढाई लाख का वांटेड अपराधी है।
28 मार्च 2019 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब मेरठ में चुनावी रैली कर रहे थे, उसी समय गाजियाबाद में पेशी पर आया बदन सिंह बद्दो पुलिस हिरासत में मेरठ पहुंचा और एक होटल में रुक गया। इस दौरान बदन सिंह बद्दो ने पुलिस टीम को शराब व शबाब की दावत दी और खुद फरार हो गया। मेरठ पुलिस उसे महीनों तक तलाशती रही लेकिन, उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। तब से लेकर आज तक बदन सिंह बद्दो लगातार फरार है। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वह लगातार पोस्ट डालता रहता है। उसने करीब आठ महीने पहले भी इंस्टाग्राम पर कई दिनों तक लगातार पोस्ट किए और अपने दुश्मनों के बारे में काफी कुछ लिखा था।
अब बदन सिंह बद्दो छह दिन पहले फिर से इंस्टाग्राम पर एक्टिव हुआ है। उसने पूर्व आईपीएस अधिकारी बृजलाल की किताब के 10 पन्ने एडिट करके पोस्ट किए हैं। पूर्व आईपीएस अधिकारी और भाजपा नेता बृजलाल के खिलाफ बदन सिंह बद्दो हमेशा ऊलजलूल लिखता रहता है। छह दिन पहले बदन सिंह बद्दो ने जो 10 तस्वीरें पोस्ट की हैं, वे पूर्व आईपीएस बृजलाल की किताब 'पुलिस की बारात' के एडिटेड पन्ने हैं।
बदन सिंह बद्दो यहां कहना चाहता है कि इस किताब में बृजलाल ने अपने बारे में काफी कसीदे लिखे हैं लेकिन, सच्चाई यह है जो वह पोस्ट कर रहा है। इस किताब को इस तरीके से लिखा जाना चाहिए था।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने साइबर सेल को इसकी जांच सौंपी है। साथ ही एसओजी को भी कार्रवाई के लिए कहा है। एसओजी टीम पता कर रही है कि बद्दो का इंस्टाग्राम अकाउंट किस जगह से संचालित है। एसएसपी का कहना है कि यह पुराना अकाउंट है और ऐसा भी हो सकता है कि इसे बदन सिंह के अलावा कोई अन्य चला रहा हो।