सहारनपुर में कुतुबशेर थाना क्षेत्र के ग्राम उनाली में स्कूल जा रही कक्षा 9 की छात्रा पर 12वीं के छात्र ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल छात्रा को जिला अस्पताल में उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया, जहां से परिवार के लोग छात्रा को दिल्ली ले गए।
यूपी: कक्षा 9 की छात्रा पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, सामने आ रही ये बड़ी वजह
सोमवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे ग्राम बढ़ी माजरा निवासी छात्रा अपनी सहपाठियों के साथ ग्राम उनाली स्थित स्कूल जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही दीपू (19 वर्षीय) ने उसे रोक लिया। दीपू कक्षा 12 में पढ़ता है। आरोप है कि तमंचे से आतंकित कर दीपू ने अन्य सहपाठियों को भगा दिया और छात्रा के पैरों पर एक के बाद एक चार गोलियां दाग दीं। दोनों पैरों में दो-दो गोलियां लगने से छात्रा मौके पर ही गिर पड़ी। अन्य छात्राओं ने इसकी सूचना पीड़िता के परिजनों को दी। जिस पर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल छात्रा को जिला अस्पताल लाकर उपचार कराया गया। गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को मेरठ रेफर कर दिया गया। बाद में छात्रा को उसके परिजन दिल्ली ले गए।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि छात्रा के पैरों में गोलियां लगीं हैं। छात्रा की हालत गंभीर है। फिलहाल आरोपी फरार है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच कराई जा रही है।
शादी तय होने से नाराज था आरोपी छात्र
कुतुबशेर थाना प्रभारी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि घायल छात्रा की बड़ी बहन की शादी यमुना नगर में तय हो चुकी है और 12 दिसंबर को शादी होनी है। जबकि छात्रा के रिश्ते की बात भी छाया के होने वाले देवर के साथ चल रही थी। इसकी जानकारी आरोपी दीपू को हो गई थी। जिससे आरोपी लगातार छात्रा पर दबाव बना रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पूर्व में एक बार जहरीला पदार्थ भी खाने की कोशिश की थी।
आरोपी दीपू द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद पुलिस ने जैसे ही गिरफ्तारी को दबिश दी, तो आरोपी युवक और उसके परिजन मकान पर ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस आरोपी के कुछ रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, ताकि आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।
कुतुबशेर थाना प्रभारी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि घायल छात्रा और आरोपी छात्र की आपस में दूर की रिश्तेदारी है। जिस कारण छात्रा और उसके परिजनों ने कई बार उसे समझाया भी था, लेकिन आरोपी हठधर्मिता कर रहा था। इसी के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दे डाला।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/