लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी में जुटी भाजपा ने शनिवार को प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर कमल संदेश यात्रा बाइक रैली आयोजित कर चुनावी बिगुल फूंक दिया। मेरठ लोकसभा सीट की पांचों विधानसभाओं के सभी 17 मंडलों से कार्यकर्ता करीब तीन हजार दुपहिया वाहनों के साथ रैली में शामिल हुए। रैली का शुभारंभ भाजपा के जनप्रतिनिधियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने जागृति विहार एक्सटेंशन स्थित राष्ट्रोदय चौक से किया। यह रैली करीब सात किमी का सफर तय करते हुए जीरो माइल स्टोन स्थित शिवाजी संस्थान पहुंची।
कमल संदेश यात्रा: भाजपा ने फूंका चुनावी शंखनाद, भगवा पगड़ी में महिलाओं का गजब का उत्साह, 11 तस्वीरें
रैली के लिए सुबह 10 बजे से ही कार्यकर्ता राष्ट्रोदय चौक पर एकत्र होना शुरू हो गये थे। रैली स्थल पर एक छोटा मंच बनाया गया था। जहां से कार्यकर्ताओं को माइक द्वारा अनुशासित रहने और लाइन में लगने का संदेश दिया जा रहा था। मंच के पास ही जनप्रतिनिधियों के साथ पार्टी संगठन के पदाधिकारी और महिला मोर्चा की टीम अपने वाहनों के साथ मौजूद थी। इस दौरान मेरठ महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने कार्यकर्ताओं को रैली के रूट और अनुशासन के बारे में ताकीद किया। मुकेश सिंघल ने कहा कि कमल संदेश यात्रा लोकसभा चुनाव का आगाज है। आज से चुनाव तक हमें लगातार सक्रिय रहते हुए 2022 में पहले से ज्यादा सीटों के साथ केंद्र में भाजपा सरकार बनाने की प्रतिज्ञा लेनी है।
इन्होंने किया रैली का शुभारंभ
रैली का शुभारंभ सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य विजयपाल तोमर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, विधायक सत्यवीर त्यागी, विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर, हापुड़ विधायक विजय पाल आढ़ती, एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदर पाल सिंह, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी, पूर्व एमएलसी डॉ. लोकेश प्रजापति, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, जिलाध्यक्ष रविंद्र भड़ाना, हापुड़ अध्यक्ष विकास अग्रवाल, पूर्व महापौर हरिकांत अहलूवालिया, सुशील गुर्जर, जयकरण गुप्ता, हापुड़ चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत ने किया।
महिलाओं में नजर आया उत्साह
बाइक रैली में महिलाओं को पहली बार शामिल किया गया। जिसका उत्साह उनमें साफ नजर आ रहा था। सिर पर भगवा पगड़ी और भगवा जैकेट पहले कुछ महिलाएं बाइक पर भी सवार थी। अधिकांश स्कूटी पर थीं। इनमें महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डॉ. मीनाक्षी भराला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पूजा बंसल, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. अंजू वारियर, महानगर अध्यक्ष वर्षा कौशिक, महामंत्री संजना रस्तोगी, मनीषा तेवतिया, जैनब नकवी, अनीता सिंह, संतोष सैनी, सपना अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।
युवा मोर्चा ने दिखाई ताकत
बाइक रैली में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी युवा मोर्चा की रही। महानगर अध्यक्ष वीनस शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता बाइक रैली में पहुंचे। वहीं जिला प्रभारी रोबिन गुर्जर भी अच्छी संख्या में कार्यकर्ताओं को लेकर पहुंचे। इनमें भाजपा के महानगर महामंत्री कमलदत्त शर्मा की भागीदारी भी अच्छी रही। उनके समर्थक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।