कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सोमवार को 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने खुद को पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। पुलिस कर्मियों और यात्रियों ने दौड़कर महिला के ऊपर कंबल डालकर आग बुझाई। इसके बाद आधे घंटे तक एम्बुलेंस का वहां नहीं पहुंची, तो जीआरपी इंस्पेक्टर अपनी सरकारी गाड़ी से झुलसी महिला को हैलट लेकर पहुंचे। देर रात महिला इलाज के दौरान मौत हो गई। स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर-दो पर एक महिला दोपहर में टहल रही थी। उसके हाथ में पेट्रोल से भरी एक बोतल थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे महिला ने अचानक बोतल का ढक्कन खोला और फिर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया।
लोग कुछ समझ पाते की महिला ने माचिस की तीली जलाई और खुद को आग लगा ली। इसके बाद महिला जान बचाने के लिए गोला बनकर प्लेट फार्म पर दौड़ी, तो यात्रियों अफता-तफरी मच गई। प्लेटफार्म नंबर-एक पर मौजूद जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) के सिपाहियों ने महिला को लपटों के बीच घिरा देखा। वह लोग कंबल लेकर रेलवे ट्रैक फांदकर वहां पहुंचे। सिपाहियों ने यात्रियों की मदद से कंबल डालकर आग बुझाई। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाने के लिए लोको हास्पिटल और 108 एम्बुलेंस बुलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और रेलवे अफसरों को फोन किया।
रेलवे के डॉक्टर के अवस्थी ने मौके पर पहुंचकर महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन एम्बुलेंस नहीं आई। लगभग 30 मिनट गुजर गए और रेलवे या 108 एम्बुलेंस नहीं आई और महिला तड़पती रही। उसकी हालत बिगड़ती देख थानाप्रभारी ने सहकर्मियों को बुलाया। सिपाहियों की मदद से झुलसी महिला को अपनी सरकारी गाड़ी पर लिटाया और आनन-फानन हैलट ले गए। पुलिस ने ही उसे अपनी तरफ से भर्ती कराया है। महिला की तीमारदारी में एक महिला सिपाही को भी लगाया गया है, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके।
जीआरपी प्रभारी का बयानः-
घटना की सूचना दिए जाने के बाद भी लोको अस्पताल और 108 नंबर एम्बुलेंस आधे घंटे तक नहीं आई। तब हम खुद अपनी गाड़ी से झुलसी महिला को अस्पताल लेकर आए हैं। महिला अपना नाम व पता नहीं बता रही है। पूछने पर केवल इतना बोल रही है कि आप लोग परेशान न हो, भगवान हमें बचा लेंगे। बस आप हमें पानी पिला दो। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। महिला के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। राममोहन राय, इंस्पेक्टर, जीआरपी सेंट्रल
सीपीआरओ का बयान:-
लोको अस्पताल में एक एम्बुलेंस है, जो अस्पताल से एक मरीज को हैलट लेकर गई थी। सेंट्रल के पास तैनात 108 नंबर एम्बुलेंस भी एक मरीज को हैलट पहुंचाने गई थी। इस वजह से एम्बुलेंस देरी से सेंट्रल पहुंची। इस वजह से जीआरपी इंस्पेक्टर ने अपनी सरकारी गाड़ी से झुलसी महिला को अस्पताल पहुंचाया। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी। गौरव बंसल, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे, इलाहाबाद