राष्ट्रीय एमएसएमई अवार्ड-2022 में शहर की पूजा अग्रवाल की कंपनी एएसपीईएन को निर्यात श्रेणी में प्रथम अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। कानपुर की कृष्णा नगर डिफेंस कॉलोनी में रहने वाली पूजा ने पति से 50 हजार रुपये लेकर काम शुरू किया था। 10 कर्मचारियों और किराये के कमरे से शुरू हुई यूनिट के उत्पाद आज विदेश में भी अपनी पहचान रखते हैं। उनकी कंपनी गारमेंट्स और स्पोर्ट्स वियर बनाती है।
कंपनी को एक्सपोर्ट ओरिएंटेड मैन्यूफैक्चरिंग इंटरप्राइजेज माइक्रो श्रेणी में चयनित किया गया है। जल्द ही उन्हें अवार्ड स्वरूप तीन लाख रुपये, ट्राॅफी और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। पूजा ने बताया कि वो मूल रूप से दिल्ली के लक्ष्मी नगर की रहने वाली हैं। उन्होंने वहीं से बीकॉम किया है। 2011 में उनकी शादी शहर के राहुल अग्रवाल से हुई। राहुल का सैडलरी और जूते का कारोबार है।
2 of 5
अपने परिवार के साथ पूजा
- फोटो : अमर उजाला
विदेश में खासा पसंद किए जाते हैं गारमेंट्स
पूजा का कहना है कि वो हमेशा से कुछ अलग करना चाहती थीं। डिजाइनिंग का बचपन से शौक था। अक्सर पति के साथ बिजनेस टूर पर जाती थीं। इस दौरान स्पोर्ट्स वियर की संभावनाओं को देखते हुए पति से चर्चा की और 2014 में कृष्णा नगर स्थित घर से 50 हजार की पूंजी से काम शुरू किया। डिजाइन उनकी होती थी और कर्मचारी उसे तैयार करते थे। विदेश में उनके उत्पाद खासे पसंद किए जाने लगे।
3 of 5
यूनिट में काम करते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने आगे बताया कि 2017 में घर के पास ही किराये पर बड़ी यूनिट लगाई। अब 150 से ज्यादा महिला-पुरुष कर्मचारी काम करते हैं। इसके बाद श्याम नगर में भी यूनिट खोली। अब रूमा में बड़ी यूनिट लगाने जा रही हैं, जोकि इसी साल शुरू हो जाएगी। यहां एक साथ चार से पांच सौ लोग काम कर सकेंगे। महिलाओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र भी खोला जाएगा।
4 of 5
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की तमन्ना
पूजा ने बताया उन्होंने बीकॉम के अलावा कोई भी प्रोफेशनल कोर्स नहीं किया है। इसके बाद भी पति और ससुराल वालों ने उनकी योग्यता पर भरोसा जताया और उन्होंने खुद को साबित भी कर दिखाया। परिवार में सास मधुलता अग्रवाल और सात साल का बेटा विवान है। उन्हें पिछले साल स्टार एक्सपोर्ट अवार्ड भी मिला था। उनकी इच्छा है कि वे ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाएं।
5 of 5
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रदेश की झोली में आए चार अवार्ड
एमएसएमई विकास संस्थान के प्रभारी और संयुक्त निदेशक वीके वर्मा और सहायक निदेशक एसके अग्निहोत्री ने बताया कि एमएसएमई अवार्ड 2022 में पूरे प्रदेश से चार अवार्ड मिले हैं। कैराना शामली के वरुण कुमार जैन की कंपनी कैरियर व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड को इन टेक्नोलॉजी एफीशिएंट मैन्यूफैक्चरिंग इंटरप्राइजेज को मीडियम इंटरप्राइजेज श्रेणी में पहला, आगरा मथुरा रोड स्थित शर्मा इंटरनेशनल की नीता शर्मा को महिला श्रेणी में मैन्यूफैक्चरिंग स्माल इंटरप्राइजेज में पहला, गाजियाबाद की प्रहिम इनवेंस्टमेंट की पुनीता गुप्ता को इसी श्रेणी में माइक्रो इंटरप्राइजेज में पहला अवार्ड मिला। 2016 में भी शहर के पेंट कारोबारी अंकुर अग्रवाल को अवार्ड मिला था।