यूपी के औरैया जिले में एक सिक्योरिटी गार्ड ने पत्नी और दो बच्चों को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। जबकि घटना में उसका तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस दर्दनाक घटना की वजह से काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
जिले के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के बरौनाकला के रमपुरा सिक्योरिटी गार्ड ने अवैध तमंचे से अपनी पत्नी व दो बच्चों को गोली मारकर खुद को भी गोली मार कर आत्महत्या कर ली। जबकि घटना में उसका तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी हरीश चंदर व सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दर्दनाक घटना के पीछे आखिर क्या वजह पुलिस इसकी जांच में जुटी है। मृतक के पिता ने बताया कि मृतक विश्राम सिंह नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। वहां से बुधवार रात वह गांव आया था। पड़ोसी रामबाबू, बुल्ला और जयवीर से जमीन का विवाद चल रहा था।
पिता लाखन सिंह ने बताया कि इसी विवाद से तंग होकर उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया। मरने वालों में सिक्योरिटी गार्ड विश्राम सिंह (45), उसकी पत्नी रेखा (40), पुत्र वंश (3) पुत्री प्रांशी (9) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीसरी बच्ची आंशी (7) गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए सैफई मिनी पीजीआई रेफर किया गया है।
एसपी हरीश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टतया मामला जमीन के विवाद का बताया जा रहा है। हालांकि मरने वाले ने कभी भी जमीन के प्रकरण की शिकायत स्थानीय थाने व कोतवाली में नहीं की है। पूरे घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की जाएगी।