कानपुर मौसम अपडेट: सुबह से हुई झमाझम बारिश, चक्रवात ‘अर्नब' के असर से गिरेगा पारा; एक नवंबर से साफ होगा आसमान
Kanpur Weather News: बृहस्पतिवार तड़के सुबह से झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब के असर से 29 और 30 अक्तूबर को पूरे उत्तर प्रदेश समेत कानपुर परिक्षेत्र में बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अवध और पूर्वांचल के साथ कानपुर व लखनऊ के लिए भी अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
कानपुर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बृहस्पतिवार तड़के सुबह से ही कानपुर में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से उठे अर्नब चक्रवात का व्यापक असर 29 और 30 अक्तूबर को पूरे उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है।
कानपुर परिक्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। सीएसए के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी डॉ. अजय मिश्रा ने बताया कि इस बेमौसम बारिश और ठंडी हवाओं के प्रभाव से कानपुर क्षेत्र के अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
बादलों और गरज-चमक के रूप में दिखेगा असर
वहीं, प्रदेश के एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रभारी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि हालांकि इस चक्रवात का सबसे ज्यादा असर अवध और पूर्वांचल के जिलों में है, लेकिन कानपुर परिक्षेत्र में भी इसका प्रभाव नमी वाले बादलों और गरज-चमक के रूप में दिख रहा है।
एक नवंबर से साफ होगा आसमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 अक्तूबर को बादलों की आवाजाही और छिटपुट बूंदाबांदी के बाद, एक नवंबर से मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क होना शुरू हो जाएगा। फिलहाल बृहस्पतिवार सुबह से हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण शहरवासियों को गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है।