कानपुर में जीटी रोड पर नारामऊ में जिस कट पर भीषण हादसा हुआ वह पिछले एक साल में दस जिंदगियां लील चुका है। मंगलवार को हुए हादसे को जोड़ लें तो पिछले एक साल में हुए 11 हादसों में 13 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों की वजह से ही इस कट और उसके आसपास के क्षेत्र को अफसरों ने ब्लैक स्पॉट को घोषित किया, लेकिन कई विभागों का एक राय न होने का खामियाजा राहगीरों को जान देकर चुकाना पड़ रहा है।
कानपुर हादसा: छह लेन के हाईवे पर है अंधा कट, संकेतक भी नहीं…सालभर में 13 मौतें, शहर में हैं ये 20 ब्लैक स्पॉट
Kanpur News: जीटी रोड पर स्थित इस ब्लैक स्पॉट पर यह कोई पहला हादसा नहीं है। इसके पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन न तो जिम्मेदार सतर्क हो रहे हैं और न ही ट्रैफिक नियम तोड़कर वाहन चलाने वाले।
संकेतक नहीं, इसलिए नहीं पता चलता कि कट आ गया
जीटी रोड पर स्थित इस ब्लैक स्पॉट पर यह कोई पहला हादसा नहीं है। इसके पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन न तो जिम्मेदार सतर्क हो रहे हैं और न ही ट्रैफिक नियम तोड़कर वाहन चलाने वाले। स्थानीय लोगों ने बताया कि चाहे बिल्हौर की तरफ से आएं या कानपुर की तरफ से जाएं, सामने 10 मीटर तक पहुंचने पर भी कट का नहीं दिखता है। कारण, हाईवे को चौड़ा तो कर दिया गया लेकिन कट का संकेतक ही नहीं लगाया गया। यही वजह है कि कट पर अचाकर सामने से जब कोई वाहन आता दिखता है तो चालक जब तक गाड़ी कंट्रोल कर पाता है, तब तक हादसा हो जाता है। कई बार जिम्मेदारों से शिकायत भी की गई है, लेकिन कुछ भी हल नहीं निकला।
सड़क हादसों के लिए जाना जाता है नारामऊ
जीटी रोड हाईवे किनारे स्थित नारामऊ की सीमा करीब 2.5 किलोमीटर है। यहां अक्सर सड़क हादसे में लोग अपनी जान गंवा बैठते हैं या तो गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जीटी रोड सिक्स लेन होने के बाद भी हादसों की संख्या और बढ़ी है। जीटी रोड से दलहन रोड को जाने वाले रास्ते के पास बने कट से अक्सर लोग मुड़कर उलटी दिशा में नारामऊ स्थित पेट्रोल पंप, न्यू हाईवे सिटी और नारामऊ कस्बे में जाते है और हादसों का शिकार हो जाते है। इसी तरह मॉडल डेयरी के आगे बने कट पर भी लोग मुड़ते समय हादसों का शिकार होते रहते हैं।
हाल ही में हुए इस ब्लैक स्पॉट पर हादसे
- 22 अप्रैल 2024-अज्ञात वाहन व बाइक की टक्कर बेटे की मौत पिता घायल।
- 29 मई 2024-ट्रैक्टर एम्बुलेंस की टक्कर तरबूज विक्रेता की मौत।
- 02 जून 2024-अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत।
- 11 अगस्त 2024-कार स्कूटी की टक्कर में छात्र की मौत।
- 14 अगस्त 2024-विक्रम बाइक की भिड़ंत बाइक सवार युवक की मौत।
- 11 अक्तूबर 2024-साइकिल सवार को बचाने में बाइक सवार होमगार्ड की मौत।
- 16 दिसंबर 2024 ट्रेलर ट्रैक्टर की टक्कर ट्रेलर चालक की मौत 5 घायल।
- 31 जनवरी 2025 कार बाइक की टक्कर इलाज के दौरान महिला की मौत पति घायल।
- 15 फरवरी 2025 अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार चूड़ी विक्रेता की मौत।
- 07 मार्च 2025 टेंपो स्कूटी की टक्कर रिटायर्ड सैन्यकर्मी की मौत।
शहर में पड़ने वाले 20 ब्लैक स्पॉट
- गुजैनी बाईपास (एनएचएआई)
- नौबस्ता चौराहा कट (एनएचएआई)
- यशोदा नगर चौराहा (एनएचएआई)
- बर्रा बाई पास (एनएचएआई)
- नारामऊ (एनएचएआई)
- रामपुर दुर्गा मंदिर (एनएचएआई)
- शम्भुआ पुल (एनएचएआई)
- हड़हा पुल (एनएचएआई)
- कनौजिया पेट्रोल पंप (एनएचएआई)
- किसान नगर (एनएचएआई)
- भौंती (एनएचएआई)
- ब्रह्म देव मंदिर(एनएचएआई)
- दादा नगर, विजय नगर, फजलगंज, बीओबी चौराहा, शनिदेव मंदिर, फजलगंज जूट मिल चौराहा (पीडब्ल्यूडी)
- अमर उजाला ऑफिस, फजलगंज सेकेंड, विजय नगर, दादा नगर ढाल (पीडब्ल्यूडी)
- राहा गांव ढाबा के पास (पीडब्ल्यूडी)
- परास मोड़ के पास (पीडब्ल्यूडी)
- नौरंगा चौराहे के पास (पीडब्ल्यूडी)
- जहानाबाद बिल्लू ढाहा के पास रोड (पीडब्ल्यूडी)
- कुवां खेड़ा जवाहर नाला के पास रोड (पीडब्ल्यूडी)
- पनकी पड़ाव के पास (पीडब्ल्यूडी)