कानपुर के ग्रीनपार्क में आयोजित जीडी गोयनका स्कूल के वार्षिक खेलकूद समारोह में बॉलीवुड अभिनेता राहुल रॉय ने भी शिरकत की। इस मौके पर राहुल रॉय ने कहा कि मेरे दिल में हमेशा से स्पोर्ट्समैन बनने की ख्वाहिश थी लेकिन मैं अभिनेता बन गया। 11 जनवरी को फिल्म अभिनेता राहुल राय की फिल्म 'ए थिन लाइन' रिलीज होगी। इसके बाद लगातार चार और फिल्में आएंगी।
'आशिकी', 'प्यार का साया', 'जुनून', 'गुमराह', 'भूकंप', 'नसीब', 'गेम' समेत तमाम बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता राहुल रॉय ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप लोग स्पोर्ट्स में जितनी मेहनत करोगे उतना ही आपका नाम होगा। राहुल राय ने बताया कि सफल अभिनेता बनने के लिए जरूरत है अपने काम के प्रति ईमानदार होने की। कहा कि भले ही फिल्म आशिकी से उनकी एक अलग पहचान बनी हो, पर उनकी पसंदीदा फिल्म जुनून है।
राहुल ने कहा कि जो भी खेल खेलें उसमें पूरी तरह से फोकस करें। राहुल ने कहा कि बच्चों को सामने खेलते देख अपना बचपन याद आ गया। वाकई बचपन जैसी मौज किसी उम्र में नहीं।
राहुल ने कहा कि कानपुर एक अच्छा शहर है। यहां के लोग दिल से स्वागत करते हैं। यहां बहुत कुछ बदल गया, लेकिन कानपुर वालों का दिल आज भी वैसा ही है।
समारोह में बच्चों ने 50, 100, 200 और 400 मीटर की रेस में हिस्सा लिया। इस मौके पर अभिभावकों ने फन रेस में भाग लिया। लावणी नृत्य ने मराठी संस्कृति से रूबरू कराया। बैंबू डांस और भांगड़ा ने दर्शकों ने का दिल जीत लिया। बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से पर्यावरण सुरक्षा की अलख जगाई।