यूपी के फर्रुखाबाद में जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव बंथलशाहपुर के पास खेतों में एक युवक का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे उसके साले सहित दो लोगों को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जनपद मैनपुरी थाना भोगांव के गांव लक्ष्मीपुर निवासी बृजराज सिंह(38) की ससुराल कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर में है। वह वहां एक सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी रामगुनी के साथ ससुराल आया था। रविवार को बृजराज अपनी पत्नी व साले अक्षय कुमार के साथ ट्रैक्टर से लक्ष्मीपुर गया था। वहां से सोमवार को बृजराज व अक्षय कुमार ट्रैक्टर ट्राली से चारा लेकर आ गए थे।
रामगुनी लक्ष्मीपुर ही रुक गई थीं। इस बीच अक्षय की पत्नी अपनी बहन को देखने बंथल शाहपुर चली गई थी। इसके चलते सोमवार शाम को अक्षय ट्रैक्टर लेकर अपनी पत्नी को लेकर बंथल शाहपुर जा रहा था। साथ में ट्रैक्टर पर बृजराज व गोपलपुर निवासी अक्षय का मित्र रामकिशन था। बहोरिकपुर के पास पहुंचने पर सभी वहां शराब पी। इसके बाद बृजराज ट्रैक्टर चलाने लगा।
इसको लेकर बृजराज व रामकिशन में विवाद हुआ। इस दौरान खंदी में ट्रैक्टर घुसने बृजराज वहीं गिर पड़ा। इसके बाद अक्षय व रामकिशन ट्रैक्टर लेकर अपने साढ़ू बंथल शाहपुर निवासी अरविंद राजपूत के घर चले गए। सुबह लोगों ने खेत में बृजराज का शव खेत में पड़ा देखा।
तभी वहां अक्षय व रामकिशन बृजराज को खोजने वहां पहुंच गए। लोगों ने अक्षय व रामकिशन को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। अक्षय ने बताया कि रात को बृजराज गायब हो गया था। इस पर उसकी तलाश में घर चचेरे भाई अनिल को फोन कर जानकारी की पर बृजराज वहां नहीं पहुंचा। इस पर वह सुबह बृजराज को खोजने वहां गया था, जहां ट्रैक्टर खंदी में घुस गया था। मामले की सूचना बृजराज के परिजनों को दी गई है।