राजस्थान की जयपुर पुलिस ने उरई के चुर्खी थाना क्षेत्र के रिछारा गांव निवासी युवक को दो करोड़ के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। पूरी रकम दो हजार के नए नोटों की शक्ल में है। बुधवार को जयपुर पुलिस ने चुर्खी थाना पुलिस को पकड़े गए युवक के बाबत गिरफ्तारी की सूचना भेजी है।
यूपी के चुर्खी थाना क्षेत्र के रिछारा गांव निवासी वीरेंद्र सिंह यादव पुत्र ब्रजपाल यादव जयपुर की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वहीं पर किराए का कमरा लेकर रहता है। मंगलवार को जयपुर पुलिस ने वीरेंद्र को उसके कमरे से दो करोड़ रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। उसका एक साथी माौके से भाग निकला।
जयपुर पुलिस ने युवक के बताए नाम-पते की तस्दीक को चुर्खी थाना पुलिस से संपर्क साधा, तो नाम-पता सही निकला। इसके बाद जयपुर पुलिस ने चुर्खी थाना पुलिस को वीरेंद्र की गिरफ्तारी की सूचना उसके घरवालों को देने को कहा। चुर्खी पुलिस ने बताया कि जल्द ही जयपुर पुलिस रिछारा गांव पहुंचकर वीरेंद्र के घरवालों से पूछताछ करेगी।
पुलिस ने बताया कि वीरेंद्र का फरार साथी भी इसी जिले का रहने वाला है, पर अभी उसकी पहचान नहीं खोली गई है। चुर्खी एसओ रुद्रकुमार सिंह ने बताया कि वीरेंद्र दो करोड़ के नकली नोटों के साथ पकड़ा गया है। घरवालों को सूचना दे दी गई है। अब वहां की पुलिस आकर जांच पड़ताल करेगी।