यूपी के इटावा में देर रात जैसे ही बड़े भाई ने पानी भरने के लिए जैसे ही सबमर्सिबल पंप खाेला वैसे ही उनके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला हाे गया। वहां पानी की जगह खून का फव्वारा बहने लगा। यह देख उनकी पत्नी गश खाकर जमीन पर गिर पड़ी।
इटावा के उदी थाना बढ़पुरा के ग्राम हविलिया में बुधवार रात सबमर्सिबल से पानी भरने को लेकर हुए विवाद में छोटे ने बड़े भाई के सिर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हविलिया गांव निवासी दिवारीलाल (65) और विजयपाल सगे भाई हैं। दिवारीलाल के घर के बाहर सबमर्सिबल लगा है। इसी से दोनों परिवार पानी भरते हैं। विजयपाल अक्सर रात में पंप चला देता था। दिवारीलाल इसका विरोध करते थे।
इसी बात को लेकर बुधवार को दोनों में विवाद हुआ। गाली गलाैच और मारपीट की सूचना पर यूपी 100 मौके पर पहुंची। दोनों के बीच समझौता होने पर पुलिस लौट गई। देर रात करीब 11 बजे विजयपाल पानी भरने लगा तो दिवारी लाल ने विरोध किया। फिर दोनों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि विजयपाल ने कुल्हाड़ी से दिवारीलाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने सैफई मिनी पीजीआई रेफर कर दिया। यहां देर रात दिवारीलाल की मौत हो गई। मृतक के बेटे अवनीश की तहरीर पर पुलिस ने विजयपाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी घर से भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है।