इलाज के लिए मां के साथ वृंदावन गई इटावा की किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मां ने कोतवाली में शिकायत दी है। मां ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी 16 वर्षीय बेटी अक्सर बीमार रहती है।
बरसाना निवासी एक जान पहचान के व्यक्ति ने उसके इलाज के लिए बरसाना आने को कहा और डाक्टर को दिखाने की बात कही। बेटी के साथ 30 दिसंबर को वह वृंदावन गई। दोनों केशवधाम चौकी के पास एक गेस्ट हाउस में रुके।
आरोप है कि परिचित व्यक्ति ने 30 दिसंबर की रात को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और इसके बाद बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
होश में आने के बाद बेटी ने घटना के बारे में बताया। आरोप है कि जब वह इस घटना की शिकायत करने केशवधाम चौकी पर पहुंची तो पुलिस ने उनकी नहीं सुनी।
महिला ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं पीड़ित की मां का कहना है कि 'इस घटना के बाद अब सबसे मन टूट सा गया है। अब किसी पर विश्वास करें भी तो कैसे? परिचित से मिले धोखे से बेटी की जिंदगी बर्बाद हो गई।'