फतेहपुर जिले के हसवा में दुकान से चीखते-भागते हुए मदद के लिए घर पहुंचे दुकानदार की बिना कुछ बताए मौत हो गई। उसके बाएं पैर की चार अंगुलियों में नाखून के पास चोट के निशान हैं। बेटे ने एक वायरल वीडियो में अज्ञात लोगों पर करंट लगाकर मार डालने का आरोप लगाया है। हालांकि अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने मौत की सही वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थरियांव थानाक्षेत्र के बिलंदा (चकबरारी) निवासी बिंदा का बेटा गंगा प्रसाद उर्फ राजू (42) कस्बे के उच्च प्राथमिक स्कूल के सामने गुमटी में चाय, ब्रेड पकौड़ा की दुकान चलाता है। दुकान के बाहर रात को चारपाई डालकर सोया था।
2 of 5
ग्रामीण की निर्मम हत्या
- फोटो : अमर उजाला
वह रात लगभग दो बजे हांफते व भागते हुए घर पहुंचा। उसकी हालत बिगड़ी देखकर परिजन गांव के एक डॉक्टर को दिखाने पहुंचे। इस बीच वह बिना कुछ वजह बताए अचेत हो गया। डॉक्टर ने हालत नाजुक बताई। परिजन घर से बाइक में लेकर बिलंदा पहुंचे। बिलंदा से टेंपो में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां से डॉक्टर के मृत घोषित करने पर शव लेकर घर लौट आए।
3 of 5
ग्रामीण की निर्मम हत्या
- फोटो : अमर उजाला
परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। बड़े बेटे अंशू ने बताया कि पिता जान बचा लेने की गुहार लगाते घर आए थे। उनके बाएं पैर के अंगूठे और उंगलियों में करंट लगाने जैसा निशान है। पिता की करंट लगाकर हत्या की गई है। उनका दस दिन पहले गुमटी रखने वाली जगह को लेकर विवाद हुआ था। इसी खुन्नस में हत्या की जा सकती है। बेटे के आरोप लगाने का वीडियो वायरल हुआ है।
4 of 5
ग्रामीण की निर्मम हत्या
- फोटो : अमर उजाला
इधर, घटना से पत्नी सरस्वती का हाल बेहाल हो गया। उनका एक बेटा अंशू और दो बेटियां राधा, रिचा है। तीन माह पहले स्कूल के सामने दुकान खोली थी। पहले हसवा मोड़ पर एक ढाबे में खाना बनाते थे। सूचना पर थानेदार विनोद कुमार, चौकी इंचार्ज प्रशांत कटियार पहुंचे। थानेदार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी। परिवार की ओर से अभी कोई आरोप की तहरीर नहीं दी गई है। परिवार ने लिखकर दिया है कि मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम करा रहे हैं।
5 of 5
ग्रामीण की निर्मम हत्या
- फोटो : अमर उजाला
सीसीटीवी से लग सकता सुराग
परिजनों के मुताबिक दुकानदार रात में रोते बिलखते और जान बचाने की गुहार लगाते घर पहुंचा था। बिलंदा चौराहे के आसपास के कई दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस को सीसीटीवी खंगालने में काफी मदद मिल सकती है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी।