शादी की रस्मों के दौरान दूल्हे की मामी की मौत हो गई। थोड़ी ही देर बाद दूल्हे का भाई बेहोश हो गया, ये सब देख बारातियों ने दुल्हन को अपशगुनी कह दिया। 'अपशगुनी' शब्द सुनते ही दुल्हन का पारा चढ़ गया। उसने विदा होने से इनकार कर दिया। इसके कारण बारात को बैरंग लौटना पड़ा।
हरदोई शाहाबाद इलाके की देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी व्यक्ति के पुत्र का विवाह शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी युवती के साथ तय हुआ था। धूमधाम से शुक्रवार रात बारात पहुंची। कन्यादान और भांवरों की रस्म भी आधी रात के बाद पूरी हो गई। इसी दौरान दूल्हेे की मामी की प्रसव के दौरान मौत होने की जानकारी वर पक्ष के लोगों को मिली। इससे वर पक्ष के लोग सकते में आ गए।
शनिवार सुबह कलेवा की रस्म किसी तरह पूरी हुई, लेकिन विदाई के समय अचानक दूल्हे का छोटा भाई बेहोश होकर गिर गया। ये देखकर कुछ बाराती भड़क गए और नववधू को अपशगुनी बताकर अभद्रता करने लगे। परिजनों के दबाव में आए दूल्हे ने पगड़ी और मौर उतार दी। दुल्हन को साथ ले जाने से इनकार कर दिया। मामला तूल पकड़ने पर मोहल्ले वासियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जब वर पक्ष पर दबाव बनाया तो वह लोग विदा कराने को तैयार हो गए।
इसकी जानकारी युवती को मिली तो उसने ससुराल जाने से इनकार कर दिया। कहा कि जब अभी से उस पर अपशगुनी होने का आरोप लग रहा है तो ससुराल में पहुंचने पर न जाने क्या होगा। पुलिस ने दोनों पक्षों का सामान वापस कराकर समझौता करा दिया। बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।