आपके इर्द गिर्द कौन किस भेष में घूम रहा है ये पता लगाना बहुत जरूरी है। हर चेहरे पर एक नकाब सा लगा है। यूपी के कानपुर में नवाबगंज पुलिस ने ताला बंद मकानों में चोरी करने वाले गैंग के तीन शातिरों को पकड़ा है। ये दिन में मजदूर बनकर...
यह सब दिन में मजदूर बनकर रेकी करते थे और रात में चोरी को अंजाम देते थे। चोरों के पास से रिवाल्वर समेत पांच लाख के जेवरात बरामद हुए हैं। सात बड़ी चोरियों का भी खुलासा हुआ है।
एसपी पश्चिम डॉ. गौरव ग्रोवर ने रविवार को बताया कि शनिवार रात को नवाबगंज एसओ ने मुखबिर की सूचना पर तीन शातिर चोरों को दबोच लिया। गैंग के शातिर दिन मजदूरों की तरह अलग-अलग इलाकों में घूमकर रेकी करते थे और दिन ढलते ही मकानों का ताला तोड़कर चोरी करते थे।
पूछताछ में चोरों ने दस दिन पूर्व कल्याणपुर निवासी डॉॅ. आरपी सिंह के घर में हुई 25 लाख की चोरी की बात कबूल की है। डॉक्टर के घर से चोरी हुआ रिवाल्वर और जेवरात बरामद हुए हैं। इसके साथ ही आदर्श नगर रावतपुर निवासी वेदप्रकाश कुशवाहा, बारासिरोही वकील नगर निवासी विजय प्रताप, शारदा नगर निवासी वीरेंद्र बाबू दीक्षित, कल्याणपुर निवासी महेंद्र कुमार, नवाबगंज निवासी रोहित और नीरज के घर में भी चोरी की घटना कबूल की है।
चोरों के पास से दो तमंचा, कारतूस और मादक पदार्थ भी मिला है। पकड़े गए शातिरों के नाम राजीव निषाद, राजू कुरील, मोहित उर्फ गुड्डू हैं। सभी कानपुर के रहने वाले हैं।