UP: यहां भी बरेली जैसा अधूरा पुल... कई रास्ते हैं खतरनाक, गूगल मैप पर सब सही; कहीं धोखा न हो जाए
अगर आप गूगल मैप के सहारे कहीं जा रहे हैं तो सफर के दौरान स्थानीय लोगों से रास्ता पूछते भी चलें। क्योंकि गूगल मैप पर वो रास्ते भी सही दिख रहे हैं, जो क्षतिग्रस्त या आधे-अधूरे पड़े हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यात्रा के दौरान गूगल मैप पर ज्यादा भरोसा आपको धोखा दे सकता है। आपका सफर खतरनाक भी हो सकता है। बदायूं में अधूरे पुल से गिरकर तीन युवकों की मौत और फिर बीते सोमवार को बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को गूगल मैप के सहारे जा रहे युवकों की कार नहर में गिरने की घटनाओं ने इस बात को साबित भी कर दिया है। इन दोनों हादसों के बाद कराई पड़ताल में सामने आया है कि पीलीभीत में भी गूगल कई रास्तों में धोखा दे रहा है। गूगल मैप में जिन रास्तों को सही बताया जा रहा है, उनमें कई जगहों पर पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हैं। कुछ रास्ते बंद हैं, लेकिन मैप में सड़क सही दिख रही है।
भंगा मोहम्मदगंज के पास कटा है पुल, मैप में जिक्र नहीं
अमरिया क्षेत्र में हरिद्वार नेशनल हाईवे के माधोपुर चौराहे से भंगा मोहम्मदगंज होते हुए भिखारीपुर से पीलीभीत आने वाले रास्ते में भंगा मोहम्मदगंज के पास देवहा नदी का पुल पूरी तरह कटा है। यहां पर सड़क भी कट गई है। 50 फुट की दूरी में नदी का पानी बह रहा है। आवागमन का रास्ता नहीं है। दोपहर के समय की गई पड़ताल में गूगल मैप पर रास्ता सही दिखाया गया। किसी तरह की दिक्कत या सड़क कटी होने का जिक्र नहीं है, लेकिन मौके पर लोक निर्माण विभाग ने पुल के पास दीवार उठाकर आवागमन बंद कर रखा है।
असम हाईवे से शाहगढ़ होकर कलीनगर जाने वाली सड़क पर रेलवे क्रॉसिंग के पास बाढ़ के पानी से पूरी सड़क और पुल का संपर्क मार्ग कट गया था। यहां से पैदल निकलना भी मुश्किल है। बुधवार की दोपहर गूगल मैप के सहारे जब इस स्थान पर पहुंचे तो रास्ता सीधा दिखाया गया, जबकि यहां पैदल भी निकलने में चोटिल होने का खतरा है।
बाइपास के अधूरे ओवरब्रिज का जिक्र नहीं
पूरनपुर मार्ग से टनकपुर मार्ग को जोड़ने वाले शहर के बाहर से गुजरे बाइपास में रेलवे लाइन के पास ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है। यह ओवरब्रिज लंबे समय से अधूरा पड़ा है। बीच में रेलवे लाइन गुजरी है। गूगल मैप के सहारे की गई रास्ते की पड़ताल में रास्ता सही दिखाया गया। अधूरे ओवरब्रिज के पास भी गूगल मैप ने आगे जाने के लिए मुड़ने का संकेत दिया, जबकि आगे सड़क पर नीचे और रेलवे लाइन से रास्ता बंद है। अधूरे ओवरब्रिज का रास्ता भी विभाग ने दीवार उठाकर बंद किया है। मगर गूगल मैप पर इसका जिक्र नहीं है।
दो क्षतिग्रस्त सड़कें दिख रहीं दुरुस्त
बीसलपुर से गांव चौसर हरदोपट्टी जाने वाली सड़क गांव रमपुरा नगमा के पास नौ जुलाई को आई बाढ़ में काफी चौड़ाई में कट गई थी। इसी तरह बीसलपुर-बरेली मार्ग से गांव भैसटाजलालपुर जाने वाली सड़क भी नौ जुलाई को क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बावजूद गूगल मैप पर दोनों सड़कों को बिल्कुल दुरुस्त दर्शाया जा रहा है। बताते हैं गूगल मैप पर एक साल पुरानी रिपोर्ट पड़ी है। जिम्मेदारों ने इन सड़कों के टूटे पड़े होने की सूचना अभी अपडेट नहीं कराई है।