यूपी के बहराइच में दो किशोरों की धारदार हथियार से हत्या और दंपती व दो बेटियों की जलकर हुई मौत के तीसरे दिन शुक्रवार को भी गांव में मातम पसरा रहा। मामले में पुलिस ने मृतक किशोर सोनू के चाचा हीरालाल की तहरीर पर मृतक विजय कुमार मौर्य, उसके चाचा व चचेरे भाइयों समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पांच को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस विजय के भाई को भी हिरासत में लेकर घटना की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है।
घटना रामगांव थाना क्षेत्र के टेपरा गांव के मजरा निंदूरपुरवा की है। बुधवार को सामने आए रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों का बृहस्पतिवार की तड़के पोस्टमार्टम हुआ। शुक्रवार को विजय की पहली पत्नी से हुई बेटी सुमन व उसके पति ने त्रिमुहानी घाट पर चारों का अंतिम संस्कार किया। वहीं सनी वर्मा व सूरज यादव का अंतिम संस्कार उनके परिजनों ने गांव निंदूरपुरवा में किया।
2 of 11
मृतक सूरज यादव (फाइल फोटो)
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
टांड पर मिले थे चार शव
घटना के बाद से पुलिस के आलाधिकारी हर पहलू पर मंथन करते रहे। वहीं किशोरों की धारदार हथियार से हत्या व विजय, उसकी पत्नी धीरज कुमारी व बेटी रियांशी व प्रियांशी की जलकर हुई मौत को लेकर शुक्रवार को भी अटकलें लगाई जाती रहीं। विजय, उसकी पत्नी व दोनों बेटियों के शव टांड पर मिले थे।
3 of 11
मृतक सनी वर्मा (फाइल फोटो)
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हालांकि पुलिस ने विजय के चचेरे भाई बहादुर व श्री भगवान, भतीजे सरवन, गुड्डू व मनोज के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से ही हिरासत में लिए गए विजय के भाई अजय के अलावा पुलिस ने मामले में बलराम, जितेंद्र, मनोज, सरवन व गुड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
4 of 11
रोते बिलखते सूरज के परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ी साजिश और नियोजित अपराध का परिणाम
प्रथम दृष्टया यह कांड विजय कुमार मौर्य की ओर से किया जाना माना जा रहा था। इस बीच हत्या के शिकार हुए किशोर सोनू के चाचा हीरालाल ने थाना रामगांव में तहरीर देकर आशंका जताई कि इतना बड़ा कांड कोई एक व्यक्ति नहीं कर सकता है। उन्होंने इस सामूहिक हत्याकांड को किसी बड़ी साजिश और नियोजित अपराध का परिणाम बताया।
5 of 11
मृतक सनी के घर पसरा सन्नाटा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
थानाध्यक्ष रामगांव मदनलाल ने बताया कि आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ये सभी आपस में पट्टीदार हैं। इन नामजदों में से एक विजय की घटना वाले दिन ही जलकर मौत हो चुकी है। पुलिस को अब तक पूछताछ में किसी बड़े सूत्र के हाथ लगने की सूचना नहीं है। हालांकि बृहस्पतिवार को दशहरा और शुक्रवार को प्रतिमा विसर्जन में व्यस्तता के कारण पुलिस अभी फुरसत से इस मामले की विवेचना भी नहीं कर पाई है। हालांकि पुलिस इस मामले की तह में जाए बगैर अभी कुछ कहने से बच रही है।