आयकर विभाग की टीम ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के करीबी बिल्डर अजय चौधरी उर्फ संजू नागर के पैतृक गांव महरमपुर स्थित फार्म हाउस पर छापा मारा। अजय उर्फ संजू एसीई ग्रुप के चेयरमैन है, जिनका नाम बड़े बिल्डरों में नाम होता है। मंगलवार सुबह पहुंची आयकर विभाग की टीम देर शाम तक जांच करती रही।
अखिलेश का करीबी: दूध बेचता था अजय मलिक, फिर बिल्डर से एसीई ग्रुप का मालिक बन जुटाई अकूत दौलत, बॉलीवुड कनेक्शन आया सामने
अजय उर्फ संजू रहता है नोएडा, दीपावली पर आया था
अजय चौधरी को गांव और आसपास के लोग संजू के नाम से जानते है। शुरूआत में लोगों को समझ नहीं आया कि अजय उर्फ संजू के यहां छापा मारा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि अजय नोएडा में रहता है। यहां अधिकतर उसकी मां सफेदो और पत्नी कृष्णा ही रहती हैं। अजय अपने पिता की बरसी हमेशा गांव में ही करता है। इसमें वीआईपी का जमावड़ा लगता हैं। वह आखिरी बार दीपावली पर गांव आया था।
अजय चौधरी का बॉलीवुड कनेक्शन, अभिनेत्री व अभिनेता प्रमोटर
एसीई ग्रुप के चेयरमैन अजय चौधरी उर्फ संजू के यहां इनकम टैक्स का छापा पडने के बाद बॉलीवुड कनेक्शन भी सामने आया है। उसकी कंपनी में बॉलीवुड की कई बड़ी अभिनेत्री व अभिनेता प्रमोटर रहे है। जिनका पूरा ब्यौरा एसीई ग्रुप की वेबसाइट पर भी दिया गया है और उनके बारे में हर जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। इस तरह अजय चौधरी की बॉलीवुड तक पकड़ बताई जा रही है।
जमीन की खरीद-फरोख्त ने बनाया नामी बिल्डर
अजय वर्ष 2000 यानी करीब 21 साल पहले दिल्ली में दूध सप्लाई का कारोबार करता था। इसमें काफी नुकसान हुआ तो वह प्रॉपर्टी के कारोबार में घुस गया। उसके पास अपनी पैतृक जमीन काफी थी। वह जमीन की खरीद-फरोख्त कराने लगा। इसके बाद वह पाबी में अपने एक रिश्तेदार के पास चला गया। रिश्तेदार का प्रॉपर्टी का पहले से बड़ा काम था। उनके साथ मिलकर अजय उर्फ संजू ने कॉलोनी काटने व फ्लैट बनाने का काम शुरू कर दिया। इसके बाद वह तेजी से आगे बढ़ता चला गया। दिल्ली व एनसीआर के बड़े बिल्डरों में शामिल होने के साथ ही एसीई ग्रुप का चेयरमैन बन गया। इसी बीच वह सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का करीबी हो गया।
अजय की गांव महरमपुर में सैकड़ों बीघा जमीन
अजय की महरमपुर गांव में सैकड़ों बीघा जमीन है। आसपास के रहने वाले लोगों ने बताया कि उसने फार्म हाउस को पहले अपनी काफी कम जमीन में बनाना शुरू किया था। इसके बाद दौलत बढ़ी तो उसने फार्म हाउस के लिए आसपास के कई ग्रामीणों की जमीन खरीदी। अजय चौधरी ने खेती के लिए भी काफी जमीन खरीदी।