बागपत शहर के जैन मोहल्ला निवासी प्रशांत चौधरी और ठाकुर द्वारा मोहल्ला निवासी नेहा ने छह साल पहले प्रेम विवाह किया था। लेकिन शायद ही इस बात का किसी को अंदेशा हो कि एक दूसरे के बिना एक पल न रहने वाला ये प्रेमी जोड़ा एक दिन एक दूसरे की जान का दुश्मन बन बैठेगा।
पत्नी की बेरहमी से हत्या: प्रशांत ने हैक कर लिया था नेहा का व्हाट्सएप, पुलिस पूछताछ में किए हुए कई बड़े खुलासे
उत्तर प्रदेश के बागपत में पति ने पत्नी की चाकू से ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोपी पति पुलिस की गिरफ्त में है, वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बड़े खुलासे किए हैं।
प्रशांत और नेहा के प्रेम विवाह से दोनों के ही परिजन नाराज थे। दोनों ने इसके बाद घर से भागकर शादी की और फिर कुछ दिन बाद तक घर नहीं लौटे। इसके बाद वापस घर आ गए और तब से यहीं रह रहे थे। बेटा आर्यन नर्सरी कक्षा में पढ़ाई करता है, जो बुधवार की सुबह स्कूल चला गया था। दोपहर में आर्यन की मां की पिता ने हत्या कर दी।
आर्यन जब स्कूल से घर लौटा तो उसे उसका संसार उजड़ा हुआ मिला। मां नेहा लहूलुहान अवस्था में घर की दहलीज पर पड़ी थी। पूरा आंगन खून से लथपथ था। आर्यन एक कोने में छुपकर रोने लगा। कुछ देर बाद ही नेहा की मां लौटी तो उसके होश उड़ गए।
यह भी पढ़ें: अलीगढ़ हादसा: रंजिश में जेल में बंद था कैदी गुल सन्नवर, पेशी पर लेकर आ रहे थे पुलिसकर्मी, हादसे में हुई मौत
इस बात को लेकर रहने लगा था विवाद
इस हत्या को बेरहमी से अंजाम क्यों दिया गया ये भी जान लीजिए। डेढ़ माह पहले अनैतिक संबंधों के शक में प्रशांत और नेहा के बीच विवाद हो गया। नेहा ने प्रशांत के साथ रहने से इनकार कर दिया और वह मां रंजीता, पिता विनोद के साथ ठाकुर द्वारा मोहल्ले में रहने लगी, जो विनोद शर्मा के घर में किराये पर रहते हैं।
प्रशांत ने नेहा का व्हाट्सएप हैक करके अपने फोन में चलाया
बताया कि प्रशांत ने किसी तरह अपनी पत्नी नेहा का व्हाट्सएप हैक करके अपने फोन में चला लिया। इसका पता चलने पर नेहा ने प्रशांत को फोन कर पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी। इसके बाद प्रशांत अपने घर से छुरा लेकर नेहा के घर पहुंचा। वहां दिव्यांग ससुर विनोद के सामने पत्नी नेहा के साथ मारपीट करते हुए छुरे से 19 वार किए और फिर गला रेतकर हत्या कर दी।
पूछताछ में आरोपी पति ने किए ये खुलासे
शोर सुनकर आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए तो प्रशांत ने खुद को मकान के अंदर बंद कर लिया। पुलिस उसे पकड़कर कोतवाली लेकर आई, जहां एसपी सूरज कुमार राय ने उससे पूछताछ की। एसपी के अनुसार हत्यारोपी ने कहा कि उसकी पत्नी किसी से बात करती थी। पहले कॉल रिकार्ड व मैसेज डिलीट कर देती थी, तब उसे फोन दिखाती थी। इस कारण दोनों में विवाद बढ़ गया। इस मामले में नेहा के दादा सुरेश ने प्रशांत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।