आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के कोलपुर कुसहा में सोमवार रात को विमान हादसे की जांच के लिए पहुंची अमेठी के फुरसतगंज स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी (इग्रुआ) और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टीगेशन ब्यूरो (एएआईबी) की टीम ने मंगलवार से जांच शुरू कर दी। रात में ही पोस्टमार्टम के बाद मृत ट्रेनी पायलट का शव यहां से घर ले जाया गया।
आजमगढ़ एयरक्राफ्ट क्रैश: हादसे की जांच रिपोर्ट और पायलट की मौत को लेकर अधिकारी ने कही बड़ी बात
दरअसल, सरायमीर थाना क्षेत्र के कोलपुर कुसहां गांव में सोमवार सुबह सवा 11 बजे के आसपास खराब मौसम में ट्रेनिंग में प्रयोग किया जाने वाला इग्रुआ का विमान क्रैश होकर जमीन पर आ गिरा था। अमेठी के फुरसतगंज स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी (इग्रुआ) से सुबह 10.20 पर प्रशिक्षु पायलट कोणार्क शरन ने टीवी-20 विमान से सोलो प्रशिक्षण के लिए उड़ान भरी थी।
हादसे में प्रशिक्षु पायलट कोणार्क शरन की मौत हो गई थी। हादसे की जांच के लिए सात सदस्यीय टीम जनपद में पहुंची है। इसमें इग्रुवा के प्रशासनिक अधिकारी संदीप पुरी, फ्लाइंग सेफ्टी मैनेजर सीबीएन यादव और चार इंजीनियरों की टीम के साथ एएआईबी के रामचंद्रन शामिल हैं। टीम की ओर से विमान के प्रत्येक मलबे को एकत्र कराया जा रहा है। इसमें फुरसतगंज ले जाया जाएगा।