फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

यूपी चुनाव 2022 : अमर उजाला के चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ में प्रयागराज वासियों ने कही मन की बात

Fri, 17 Dec 2021 12:12 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज
अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज Published by: विनोद सिंह Updated Fri, 17 Dec 2021 12:12 AM IST
सार

आजाद पार्क में आयोजित चाय पर चर्चा कार्यक्रम में सुषमा जायसवाल ने कहा कि प्रयागराज पहले से बेहतर हुआ है। लेकिन यहां बेरोजगारी बढ़ गई है। कर्मचारी नेता सुभाष पांडेय ने कहा कि  विकास के नाम पर यहां हरे पेड़ काटे जा रहे हैं।

विज्ञापन
UP Election 2022: People of Prayagraj spoke their mind in Amar Ujala's election chariot 'Satta Ka Sangram'
Prayagraj News : अमर उजाला की ओर से आयोजित सत्ता का संग्राम डिबेट में हिस्सा लेते विभिन्न दलों के नेता। - फोटो : प्रयागराज

अमर उजाला का चुनावी रथ सत्ता का संग्राम बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंचा। यहां चार स्थानों पर अलग-अलग वर्गों के साथ संवाद में युवाओं का चुनावी मूड, महिलाओं की अपेक्षाएं, सियासी दलों के वार पलटवार आदि पर चर्चा हुई। आजाद पार्क के गेट पर जहां चाय पर चर्चा  हुई तो वहीं इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन में युवाओं ने और लेडीज क्लब में जुटी महिलाओं ने अपने मन की बात कही। शाम होते-होते राजनीतिक दलों के नुमाइंदों में से किसी ने वर्तमान सरकार के कामकाज की तारीफ की तो किसी ने कमियां गिनाईं। विश्वविद्यालय में एकत्र हुए छात्रों ने सरकार द्वारा दिए जा रहे मोबाइल एवं लैपटॉप दिए जो पर तंज कसा। महंगाई मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि उन्हें डाटा नहीं आटा चाहिए। 



शहर हुआ बेहतर लेकिन स्मार्ट सिटी में गंदे पानी की समस्या
आजाद पार्क में आयोजित चाय पर चर्चा कार्यक्रम में सुषमा जायसवाल ने कहा कि प्रयागराज पहले से बेहतर हुआ है। लेकिन यहां बेरोजगारी बढ़ गई है। कर्मचारी नेता सुभाष पांडेय ने कहा कि  विकास के नाम पर यहां हरे पेड़ काटे जा रहे हैं। योजनाबद्ध तरीके से विकास नहीं हो रहा है। राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रयागराज बहुत खूबसूरत शहर बन चुका है। तीन चार मेट्रोपोलिटन शहर को अगर छोड़ दिया जाए तो यहां बहुत विकास हुआ है।

पार्षद आनंद घिल्डियाल ने जो पार्टी शिक्षा और चिकित्सा पर काम करे मैं उसका समर्थन करता हूं। शिक्षा पर अगर ध्यान दिया जाए तो बेरोजगारी खूद ब खूद दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में इलाहाबाद में 70 फीसदी आबादी गंदा पानी पीती है। रेणु राज सिंह ने कहा कि शहर का पानी पीने लायक नहीं है। रमेश कुमार ने कहा कि वर्तमान सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। इससे अच्छी कोई सरकार न आई है और न आएगी। सेवा निवृत्त आईएएस आरएस वर्मा ने कहा कि शहर का विकास हर सरकार के समय समय पर होता रहा है।

प्रयागराज प्रदेश  का सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला जिला है। बराबर मांग हो रही है कि यहां एम्स खोला जाए। राजीव गुप्ता ने कहा कि विकास का विरोध नहीं होना चाहिए। विकास में कमियां हो सकती हैं। पिछले100 साल में ऐसी विपदा (कोरोना महामारी) नहीं आई थी। वर्तमान सरकार में विकास चारों तरफ दिख रहा है। मॉर्निंग वॉकर एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोर वार्ष्णेय ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े वादे करती है। यहां डिप्टी सीएम ने कहा था कि आजाद पार्क में लगने वाले शुल्क माफ हो जाएगा, लेकिन आज भी लोग शुल्क देकर ही यहां प्रवेश कर पा रहे हैं। इस दौरान कर्मचारी नेता राग विराग त्रिपाठी कर्मचारी नेता, मनोज राजवंत, संजय श्रीवास्तव आदि ने भी अपनी बात रखी। 

UP Election 2022: People of Prayagraj spoke their mind in Amar Ujala's election chariot 'Satta Ka Sangram'
Prayagraj News : अमर उजाला की ओर से आयोजित सत्ता का संग्राम डिबेट में हिस्सा लेते विभिन्न दलों के नेता। - फोटो : प्रयागराज

बीते छह माह से शुरू हुई हैं भर्तियां 
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में युवाओं ने खुलकर अपनी बात रखी। यहां छात्र निखिलेश शर्मा ने कहा कि प्रयागराज काफी बदल गया है। अगर छात्र के दृष्टिकोण से बात करें तो सरकारी नौकरियों की समस्या है। पिछले साढ़े चार वर्ष  में भर्तियां लगभग न के बराबर आई थीं लेकिन इधर छह महीने से भर्तियां शुरू हो गई हैं। ऋषि यादव ने कहा कि यहां केवल नाम का विकास हुआ है। अगर आपके पेट में रोटी नहीं, अगर आपके पास आटा नहीं तो डाटा से क्या मतलब?  

तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली हो रही है। ऋषि यादव के ‘डाटा है पर आटा नहीं’ के सवाल पर छात्र हरिओम त्रिपाठी ने कहा कि कोरोना काल में मोदी सरकार ने सभी को फ्री में  राशन देने का काम किया है। छात्र अभिषेक द्विवेदी ने कहा कि इनकी (भाजपा) सरकार लीकेज की सरकार है। वहीं, एक युवा ने मोदी सरकार के मंत्री अजय मिश्र टेनी का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में एबीवीपी के छात्र अतेंद्र सिंह ने कहा कि दोषियों को सजा दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर मैं अपराध करता हूं कि तो उसका दंड मेरे पिता या मेरे परिवार को नहीं मिलना चाहिए।  विवेक सुल्तानवी ने शिक्षा की कमी का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय पिछले दो साल से बंद है। वहीं, एक छात्र ने कहा कि दो किलो चावल और तीन किलो गेंहू ही विकास नहीं है। सुधीर यादव ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे समय और पैसे की बर्बादी होती है। संदीप वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर कानून का शासन है तो वो योगी सरकार ने स्थापित किया है। वहीं अंशु नाम की छात्रा ने कहा कि  विश्वविद्यालय में शनिवार-रविवार को महिलाओं को घुसने नहीं दिया जाता है। शाम पांच बजे के बाद विश्वविद्यालय में महिलाओं की एंट्री बंद है। इसके अलावा अखिलेश गुप्ता गुड्डू, नवनीत यादव, जिया कोनैन रिजवी, मसूद अंसारी, नीरज प्रताप सिंह, आलोक त्रिपाठी ने भी अपनी बात रखी। 

UP Election 2022: People of Prayagraj spoke their mind in Amar Ujala's election chariot 'Satta Ka Sangram'
Prayagraj News : अमर उजाला की ओर से आयोजित सत्ता का संग्राम डिबेट में हिस्सा लेतीं महिलाएं। - फोटो : प्रयागराज

बदलती जा रही है संगम नगरी
पन्ना लाल रोड स्थित लेडीज क्लब में महिलाओं संग संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने एक सुर से कहा कि प्रयागराज अब काफी बदल चुका है। कुछ महिलाओं ने वर्तमान सरकार के कामकाज की तारीफ  की तो कुछ ने कमियां गिनाई। कार्यक्रम की शुरुआत में जूही जायसवाल ने कहा कि प्रयागराज पहले से बहुत बदल गया है। महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें भी काफी सुधार हुआ है। आपराधिक प्रवृति इंसान की खुद की होती है। दिव्या गुप्ता और श्रुति अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पहले से बेहतर हो गई है। हम वर्तमान सरकार से खुश हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता ऋंतधरा मिश्र ने कहा कि  वाकई महिलाओं की सुरक्षा पहले से बेहतर हो गई है । सरकार ने 112 नंबर तो दे दिया। पुलिस आती है लेकिन कार्रवाई के नाम पर जीरो काम होता है। उन्होंने पुलिस पाठशाला लगाने पर जोर दिया।  प्रिया नारायण ने कहा कि वर्तमान सरकार बहुत अच्छा काम रही है।  महंगाई पर किसी भी सरकार का कोई नियंत्रण नहीं हो सकता है।

मंजूषा सिंह ने विकास के मुद्दे पर कहा कि यह तो हो ही रहा है। जूही श्रीवास्तव ने कहा कि थाने पर अधिकतर ऐसा होता है कि महिलाएं बैठी रहती हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। पुलिस को महिलाओं के मामले में ज्यादा संवेदनशील होने की जरूरत है। मंजू गुप्ता ने लड़कियों के बाहर निकलने और उनके शिक्षा के मुद्दे पर कहा कि मौजूदा समय में बच्चियों को परिवार का पूरा सपोर्ट मिलता है।

आजकल लड़कियां तो हर क्षेत्र में आगे हैं। रही सुरक्षा की बात तो लड़कियां इस समय सुरक्षित महसूस करती हैं। संध्या तिवारी ने कहा कि महिला सुरक्षा में अभी और सुधार की आवश्यकता है।  पूनम चौरसिया, सुषमा श्रीवास्तव, रानी साहू ने भी इस पर हामी भरी। जयमाला जायसवाल ने कहा कि प्रयागराज पहले से काफी बदल गया है। रचना अग्रवाल ने कहा कि जो प्रधान है या पार्षद है वह महिलाओं की नहीं सुनते। डा. शांति चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार में महिलाएं निश्चित रूप से सुरक्षित हुई हैं। महिलाओं का खुद का आत्मविश्वास बढ़ा है। ममता मिश्रा ने बेरोजगारी की समस्या का मुद्दा उठाया। 

विज्ञापन
विज्ञापन
UP Election 2022: People of Prayagraj spoke their mind in Amar Ujala's election chariot 'Satta Ka Sangram'
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022, नेताओं से चुनावी चर्चा - फोटो : अमर उजाला

राजनीतिक पार्टियों के बीच घमासान, जमकर हुई बहस और नारेबाजी
एग्लो बंगाली इंटर कालेज मैदान में  विकास, महंगाई, रोजगार, अपराध और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर राजनीतिक पार्टियों के बीच जमकर बहसबाजी हुई। एक तरफ  विपक्षी पार्टियों ने योगी सरकार पर निशाना साधा तो वहीं दूसरी तरफ  भाजपा ने भी तगड़ा पलटवार किया। भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी आदि ने अपने उन एजेंडों के बारे में भी बताया, जिसे लेकर वह जनता के बीच वोट मांगने जाएंगे। कार्यक्रम की शुरूआत में भाजपा नगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्म, न्याय और संस्कृति की नगरी को संवारने का काम किया है।

मुख्यमंत्री योगी ने इस प्रयागराज की गरिमा को देश के अंदर स्थापित किया है। उन्होंने आगे कहा कि साल 2017 से पहले यह शहर गुंडों और माफियाओं के मकड़जाल में फंसा हुआ था। हमारी सरकार ने प्रदेश में शांति स्थापित करने का काम किया है। प्रयागराज में  सड़कों का चौड़ीकरण हुआ, फ्लाईओवर का निर्माण हुआ, यूं कहें तो हर क्षेत्रों में विकास हुआ।

इसके जवाब में सपा जिलाध्यक्ष योगेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जो विकास किया, उसे कोरोना काल में सबने देखा। सबने गंगा किनारे लाशों से पटा हुआ प्रयागराज देखा। भाजपा सड़क चौड़ीकरण की बात करती हैं लेकिन ये भूल गए कि ये इसका मास्टर प्लान तभी बन चुका था जब 2012-17 तक हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। भाजपा वाले अपराध की बात करते हैं, लेकिन इनके कई वरिष्ठ मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज थे, जिसे सरकार ने हटाने का काम किया। महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन ने कहा कि प्रदेश में हमारा मुद्दा केवल विकास है।  भाजपा ने इन पांच वर्षों में नफरत फैलाने के अलावा एक काम नहीं किया।

विज्ञापन
UP Election 2022: People of Prayagraj spoke their mind in Amar Ujala's election chariot 'Satta Ka Sangram'
Prayagraj News : अमर उजाला की ओर से आयोजित सत्ता का संग्राम डिबेट में हिस्सा लेते विभिन्न दलों के नेता। - फोटो : प्रयागराज

भाजपा ने दिया जवाब
भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि केशव प्रसाद के ऊपर सब राजनीतिक मुकदमे हैं, उनपर कोई क्रिमिनल केस नहीं।  मगर सपा में अतीक अहमद से लेकर मुख्तार अंसारी तक सब दुर्दांत अपराधी हैं। पूर्व नगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर 15 वर्षों का जो कुशासन का राज था, वह भाजपा ने समाप्त किया। पार्षद पवन श्रीवास्तव, नीरज गुप्ता, रविंद्र मिश्र, असमत कमाल ने कहा कि प्रयागराज में बीते साढ़े वर्ष से विकास की गंगा बह रही है। युवा मार्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र मौर्य ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। शिलान्यास से लोकार्पण तक का सफर भी सिर्फ इसी दल में होता है। डा. श्याम प्रकाश द्विवेदी ने भी सरकार की तमाम उपलब्धियों को गिनाया। भाजपा नेता विवेक अग्रवाल, राजेश केसरवानी, गिरिजेश मिश्र, गंगेश पांडेय, दीपक मिश्र, सुमित तिवारी, अंकित तेज द्विवेदी ने भी दमदारी से अपनी बात रखी। 

कांग्रेस का भाजपा पर हमला, बसपा और आप ने किया जीत का दावा
कांग्रेस नेता सुरेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के मुद्दे से लेकर बेरोजगारी सहित सभी अहम मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी नेता प्रियंका गांधी ने 40  फीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा की है। मुकुंद तिवारी ने कहा कि भाजपा ने केवल शहर बदलने का काम किया है। यह इंदिरा और नेहरू का शहर है। बसपा के वरिष्ठ नेता रामवृज गौतम ने कहा कि हमारी पार्टी भारत के  संविधान पर यकीन करती है। अगर हर जगह भारत का संविधान सही से लागू हो जाए तो पूरे मुद्दे हल हो जाएंगे।

इसलिए हम कोई वादे नहीं करते और न ही कोई घोषणा पत्र वोटर के सामने रखते हैं। इस बार बसपा को दो तिहाई बहुमत मिलने जा रहा है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मो. कादिर ने कहा कि उनकी पार्टी एक आंदोलन से बनकर आई है।  हमने नौ वर्षों में जो दिल्ली में शिक्षा मॉडल, बिजली मॉडल दिया है उसी के तहत यहां काम करेंगे। आने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जो भी वादा करेगी उसे पूरा करके दिखाएगी। इस दौरान सपा नेता शाहिद प्रधान, राम मिलन यादव, एसएन अस्करी, ऋषभ यादव, रविंद्र यादव, मंजू यादव, सविता कैथवास, आकिब जावेद, राकेश यादव आदि मौजूद रहे। 

समर्थकों ने क्या क्या कहा
0 भाजपा समर्थक ने कहा कि सपा की सरकार में गुंडे सड़कों पर रहते थे। बहन बेटियां सड़कों पर छेड़ी जाती थीं। अब प्रदेश में कानून का राज है।
0 कांग्रेस और सपा के समर्थकों ने कहा कि अजय मिश्रा टेनी पर भाजपा के लोग क्यों चुप हैं।
0 सपा के समर्थक ने कहा कि इस सरकार में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है।  कानून व्यवस्था खराब है।
0 सपा समर्थित एक युवक ने कहा कि डबल इंजन की सराकर नौजवानों को रोजगार क्यों नहीं देती,  अगर हम रोजगार मांगने जाते हैं तो हमें लाठियां मिलती हैं।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed