एक परिवार केपांच लोगों की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दरअसल घटना की जानकारी के तुरंत बाद ही शवों को मर्चरी भेजवा दिया गया था। जिसे लेकर परिजनों ने हंगामा भी किया था। यह भी कहा जा रहा है कि फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले ही शवों को मर्चरी भेजवाने से सबूत नष्ट होने की भी आशंका है।
Prayagraj Family Murder Case: फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले ही शवों को मर्चरी भेजने पर उठे सवाल
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने कुछ देर बाद ही शवों को मर्चरी भेजवा दिया था। जब इस बात की जानकारी मृतक दंपति की बहू के मायकेवालों को मिली तो उन्होंने हंगामा कर दिया था।
सर्विलांस केसहारे संदिग्ध नंबरों की तलाश
उधर मामले की जांच में लगी पुलिस टीम सर्विलांस के सहारे भी संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। पता लगाया जा रहा है कि घटना वाली रात घटनास्थल के आसपास कितने मोबाइल नंबर सक्रिय थे। हालांकि इस थ्योरी के आधार पर पुलिस के लिए अपराधियों तक पहुंच पाना टेढ़ी खीर है। क्योंकि उस रात गांव में दो बारातें भी आई थीं। ऐसे में सक्रिय नंबरों की संख्या ज्यादा हो सकती है। लेकिन फिर भी सर्विलांस के सहारे संदिग्ध नंबरों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
छेमार गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश
उधर छेमार गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में एक टीम बिहार भेजी गई है। रोहतास केरहने वाले इस गैंग के चार सदस्य पिछले पांच महीनों से फरार चल रहे हैं। पिछले साल नवंबर में मुठभेड़ के दौरान इस गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जिले में हुए पांच सामूहिक हत्याकांडों का खुलासा किया था। साथ ही बताया था कि गिरोह के चार सदस्य फरार हो गए हैं जिनकी तलाश की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि इनकी तलाश में एक टीम बिहार के रोहतास के लिए रवाना की गई है।
जादूगर हिरासत में, घंटों पूछताछ
मृतकों के घर के पास ही स्थित झोपड़ी में रहने वाले जादूगर से भी रविवार को घंटों पूछताछ की गई। उससे पूछताछ की गई कि घटना वाली रात वह कहां था। उसके मोबाइल की भी जांच पड़ताल चलती रही। दरअसल शनिवार को वारदात के बाद जांच पड़ताल के दौरान ही पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूर पर स्थित एक झोपड़ी दिखाई दी थी। पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि यहां सरायचंडी का रहने वाला जादूगर रहा करता है।
इस कथित जादूगर ने बैनर भी टांग रखा था। मौके से बिस्तर, माचिस और पूजा का सामान मिला। मौके की स्थिति देखकर यह भी लग रहा था कि यहां तंत्रमंत्र की भी साधना होती थी। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन वह उसके बारे में ज्यादा नहीं बता पाए। इसके बाद पुलिस की एक टीम उसकी तलाश में भी जुट गई थी। रविवार को उसे हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद देर रात तक पूछताछ चलती रही।
एफएसएल भेजी गई वैजाइनल स्वैब व स्लाइड
प्रयागराज। थरवई हत्याकांड में मारे गए दंपति की बहू व बेटी के वैजाइनल स्वैब व स्लाइड रविवार को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिए गए। गौरतलब है कि घटनास्थल पर दोनों के कपड़े अस्त-व्यस्त मिलने से उनके साथ अनहोनी की भी आशंका जताई जा रही थी। हालांकि पुलिस अफसरों का कहना था कि पोस्टमार्टम में दुष्कर्म के संबंध में पुष्टिकारक साक्ष्य नहीं मिले हैं। साथ ही यह भी बताया था कि दोनों मृतकाओं के वैजाइनल स्वैब व स्लाइड प्रिजर्व कर ली गई है। रविवार को दोनों ही जांच के लिए एफएसएल भेज दिए गए। अफसरों का कहना है कि लैब में जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा।