Prayagraj : दिवाली पर निजी बस से दिल्ली से प्रयागराज का किराया पहुंचा पांच हजार रुपये, हवाई किराया भी आसमान पर
दिवाली के मौके पर निजी बस ऑपरेटरों ने मनमानी शुरू कर दी है। पर्व से पहले प्रयागराज आने वाली कई ट्रेनों में यात्रियों की लंबी प्रतीक्षा सूची होने के बाद प्रयागराज और वाराणसी की तरफ से निजी ऑपरेटरों की ओर से संचालित एसी स्लीपर बसों का किराया पांच से छह हजार रुपये तक पहुंच गया है।
विस्तार
दिवाली के मौके पर निजी बस ऑपरेटरों ने मनमानी शुरू कर दी है। पर्व से पहले प्रयागराज आने वाली कई ट्रेनों में यात्रियों की लंबी प्रतीक्षा सूची होने के बाद प्रयागराज और वाराणसी की तरफ से निजी ऑपरेटरों की ओर से संचालित एसी स्लीपर बसों का किराया पांच से छह हजार रुपये तक पहुंच गया है। ट्रेनों में कंफर्म टिकट न मिलने से मजबूरी में लोग यह महंगा टिकट खरीदने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
सामान्य दिनों में दिल्ली से प्रयागराज आने वाली एसी स्लीपर बसों का किराया 1400 से 1800 रुपये तक रहता है। वहीं, वर्तमान में इनका किराया पांच हजार रुपये या उससे अधिक का हो गया है। निजी बस ऑपरेटर एसी बस (सीटिंग) और स्लीपर बसों के टिकट की बुकिंग एप के जरिये कर रहे हैं।
16 अक्तूबर को दिल्ली से प्रयागराज का स्लीपर बस में अधिकतम किराया 3200 रुपये है तो वहीं, 17 अक्तूबर को यह किराया 3500 रुपये, 18 को 4000-5000 और 19 को किराया 5000-6000 के बीच है। हालांकि, डबल स्लीपर (एक सीट पर दो यात्री) में किराया 700 से 800 रुपये कम है। वहीं, सीटिंग टू बाई टू (दोनों तरफ दो-दो सीट बैठने के लिए ) का अधिकतम किराया 3500-4000 तक पहुंच गया है।
अल्लापुर के विमल कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने 19 अक्तूबर के लिए स्लीपर बस में टिकट बुक कराया है। आनंद विहार से स्लीपर बस 19 की शाम सात बजे चलेगी। कहा कि उन्हें 4800 रुपये में टिकट मिला है। इसी तरह गुरुग्राम स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले जितेंद्र प्रकाश ने बताया कि उन्होंने पांच हजार रुपये में स्लीपर बस का टिकट बुक कराया है।
दिल्ली से 17 व 19 अक्तूबर की फ्लाइट फुल, 18 को किराया 15 हजार के पार
त्योहारी सीजन में दिल्ली से आने वाली फ्लाइट का किराया भी काफी बढ़ गया है। 17 और 19 अक्तूबर को दिल्ली से चलने वाली विमानन कंपनी इंडिगो और एलाइंस एयर की फ्लाइट फुल हो गई है। इसी तरह 18 अक्तूबर को किराया 15 हजार रुपये से ज्यादा का दर्शाया जा रहा है।
अब रोडवेज बसों का ही बचा विकल्प
दिल्ली से प्रयागराज के लिए यूपी रोडवेज की ओर से 17 अक्तूबर से 10 सामान्य बसों का संचालन किया जा रहा है। जिन लोगों को प्रयागराज आना है वह इन बसों के माध्यम से आ सकते हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक प्रयागराज रीजन रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बसें आनंद विहार बस स्टेशन से मिलेंगी। शेयरिंग टैक्सी का भी विकल्प है।