धूमनगंज के पीपलगांव में रहने वाली हेमा पाल (21) की गला घोटकर हत्या करने के बाद शव बोरी में भरकर ददनपुर स्थित रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। भोर में क्षत-विक्षत शव मिलने की जानकारी पर पुलिस तक पहुंची तो उसकी शिनाख्त हुई। परिजनों ने एक पूर्व परिचित युवक प्रीतम यादव पर शक जताते हुए तहरीर दी है। जिस पर नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी व उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
प्रयागराज में युवती की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंक दी लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीपलगांव में रहने वाले नरेंद्र पाल सेना से रिटायर हैं। उनके चार बच्चों में सबसे बड़ी हेमा सिविल लाइंस स्थित एक मल्टीचेन रेस्टोरेंट में काम करती थी। परिजनों ने बताया कि रोज की तरह ही वह बुधवार सुबह 9.30 बजे के करीब रेस्टोरेंट जाने के लिए घर से निकली। लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटी। शाम तक उसके नहीं पहुंचने पर घरवाले रातभर खोजबीन में जुटे रहे। भोर में 3.30 बजे के करीब ददनपुर स्थित रेलवे ट्रैक पर युवती का शव मिलने की सूचना पर धूमनगंज पुलिस पहुंची।
बोरी में भरा शव ट्रेन की चपेट में आने से दो हिस्सों में बंट गया था। इसकी खबर मिली तो तलाश में जुटे परिजन भी पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि घर से निकलते वक्त हेमा के पास मोबाइल व एटीएम कार्ड भी था, जो गायब है। परिजनों ने शक जताया कि झलवा निवासी एक युवक उनकी पौत्री को काफी दिनों से परेशान करता था। शक जताया कि बहला फुसलाकर ले जाने के बाद उसने ही उसकी हत्या कर दी। उनकी तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर दोपहर में आरोपी व उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया। सीओ सिविल लाइंस वृजनारायण सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।
जांच पड़ताल व परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर बाद हुए पोस्टमार्टम में यह बात सामने आई कि मृतका की हत्या गला दबाकर की गई। जिससे साफ है कि हत्या के बाद उसका शव बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक पर फेंका गया।
बेटी की मौत से परिजनों में कोहराम
उधर हेमा की मौत से उसके परिजनों में कोहराम है। तीन बहनों व एक भाई में वह सबसे बड़ी थी। पिता नरेंद्र पाल सेना से रिटायर होने के बाद दिल्ली स्थित एक सिक्योरिटी एजेंसी मेें नौकरी करते हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे चाचा, बाबा व भाई समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।