तीन युवकों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद तेलियरगंज का शंकरघाट मोहल्ला और शंकरगढ़ का कपाली गांव हॉट स्पॉट में तब्दील हो गया है। साथ ही पूरा इलाका सीज कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में कोई आ-जा नहीं सकेगा। आवश्यक वस्तुओं की भी होम डिलेवरी होगी। पूरे इलाके को सैनिटाइज किया जाएगा। इसके अलावा एक किलोमीटर की परिधि में सख्ती बढ़ा दी गई है।
CoronaVirus: प्रयागराज के शंकरघाट और कपाली गांव बने हॉट स्पॉट, पूरा इलाका सील
शंकरघाट में युवक के पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसके घर की गली तथा आसपास का क्षेत्र सीज कर दिया गया है। इससे करीब 250 परिवार प्रभावित हैं। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि सील क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं को घर-घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। परिवार के सात लोगों के अलावा संपर्क में आए नौ अन्य लोगों को कालिंदीपुरम में क्वारंटीन किया गया है। संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की भी सूची तैयार की जा रही है।
युवक के कई रिश्तेदारों के घर पर नहीं मिलने की बात सामने आई है। इनमें बहन-बहनोई के भी नहीं मिलने की बात कही जा रही है। चूंकि युवक चार मार्च को ही यहां आ गया था। ऐसे में उसके बड़ी संख्या में लोगों के संपर्क में आने की आशंका है। इसलिए युवक इस दौरान कहां-कहां गया इसका पूरा डिटेल तैयार किया जा रहा है। संपर्क में आने वालों की भी सूची तैयार की जा रही है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए सभी को अलग-अलग क्वारंटीन किया जाएगा।
साथ में जांच कराई जाएगी। युवक जीवन बीमा कंपनी में काम करता था। उसके ऑफिस के लोगों को भी क्वारंटीन कराया जाएगा। सभी कर्मचारियों की कोरोना जांच भी कराई जाएगी। डीएम ने बताया कि शंकरगढ़ में दोनों युवक अभी दो दिन पहले ही आए हैं। घर पर दाह संस्कार के अलावा अन्य आयोजन हुए थे। परिवार तथा रिश्तेदारों के अलावा इन कार्यक्रमों में शामिल अन्य सभी लोगों की सूची तैयार की जा रही है।
सभी को क्वारंटीन करने के अलावा कोरोना की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि परिवार वालों ने लॉकडाउन का उल्लंघन करके आयोजन किए। इसके तहत उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
बारा के तहसीलदार डॉ.विशाल शर्मा ने बताया कि कपाली गांव के दोनों पॉजिटिव पाए गए युवकों के माता-पिता, पत्नी तथा बच्चों एवं मुंबई से लाने वाले ड्राइवर को कालिंदीपुरम में क्वारंटीन किया गया है। इनके संपर्क में आने वाले करीब पौने दो सौ अन्य लोगों को भी शहर के अलग-अलग गेस्ट हाउस में क्वारंटीन किया गया है। संपर्क में आने वाले अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
बाहर से आने वाले करें कोरोना शुद्धीकरण यज्ञ, सभी की होगी जांच
हाल के दिनों में ई-पास या बिना सूचना के बाहर से आए सभी लोगों को क्वारंटीन किया जाएगा। साथ ही जांच कराई जाएगी। इसके मद्देनजर ऐसे सभी लोगों की सूची तैयार की जा रही है। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने बाहर से आए लोगों से कोरोना शुद्धीकरण यज्ञ करने की भी अपील की है।
उनका कहना है कि बाहर से आए लोग सीधे गांव में न घुस जाएं। गांव के बाहर निर्धारित स्थलों पर पहले खुद को 14 दिनों तक क्वारंटीन करें। प्रशासन की अन्य प्रक्रिया में सहयोग करें। इसी तरह से शहर में आने वाले लोग भी घर में जाने से पहले कंट्रोल रूम के माध्यम से यहां आने की सूचना दें और प्रशासन की ओर से बनाए गए स्थलों पर खुद को क्वारंटीन करें। क्वारंटीन की निर्धारित अवधि पूरी करने तथा जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही घर जाएं।