केजीएमयू लखनऊ और बीएचयू की तर्ज पर अब कोरोना संक्रमण की जांच मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भी शुरू होने वाली हैै। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। कॉलेज प्रशासन ने लैब शुरू करने के लिए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) को पत्र भेजा है। स्वीकृति मिलने के बाद ही जांच शुरू होगी। संभावना जताई जा रही है कि बुधवार या बृहस्पतिवार से संक्रमण की जांच यहां होने लगे।
कॉलेज प्रशासन ने जांच करने की तैयारी आपदा राहत प्रबंधन से बजट मिलने के बाद से ही शुरू कर दी थी। शासन की ओर से यहां पर एक डॉक्टर और एक लैब तकनीशियन तैनात किए गए हैं। मेडिकल कॉलेज में तैनात दो लैब तकनीशियन और दो सैंपल कलेक्शन के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित भी किया गया है। आरटीपीसीआर मशीन मंगाई गई है। सेफ्टी बाई कैबिनेट, किट, 80 डिग्री सेल्सियस पर काम करने वाला डीप फ्रीजर आ गया है।
2 of 3
Coronavirus Ventilator
- फोटो : Social Media
यह जांच माइक्रोबायलोजी विभाग की देखरेख में होगी। कॉलेज प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि तैयारी पूरी कर लेने के बाद आईसीएमआर से कोरोना की जांच शुरू करने के लिए पत्र भेजकर अनुमति मांगी गई है। पत्र के साथ लैब के सभी रिकार्ड भी भेजे गए हैं। आशा है कि काउंसिल जल्द ही अपनी स्वीकृति दे देगा। इसके बाद यहां भी जांच शुरू हो जाएगी। वर्तमान में कोरोना की जांच के लिए यहां से नमूना केजीएमयू लखनऊ भेजा जा रहा है।
3 of 3
कोरोना वायरस
- फोटो : एएनआई
दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में शामिल होकर यहां आए सात इंडोनेशियाई समेत 11 लोगों में से तीन लोगों की जांच रिपोर्ट तीन दिन के बाद भी नहीं आई है। इसको लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जांच के लिए फिर से नमूना भेजने की बात भी सामने आ रही है। उधर, शनिवार को एक और कोरोना संदिग्ध मिला, जांच के लिए उसका नमूना बीएचयू भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट रविवार को आएगी।
तीन विदेशी नागरिकों की रिपोर्ट को शनिवार शाम तक भी नहीं आई है। वहीं जानकारों का मानना है कि जांच में पांच से छह घंटे का समय लगता है। आठ लोगों की रिपोर्ट आ गई है, लेकिन तीन की रिपोर्ट न आने का क्या कारण हो सकता है। हालांकि, विभाग के सभी जिम्मेदार अफसर इस बारे में बोलने से बचते रहे। विभाग के सूत्र बताते हैं कि तीनों विदेशी नागरिकों में कोरोना की संभावना ज्यादा नजर आ रही है, इसलिए उनके नमूने फिर से जांच को भेजे गए हैं। उनके जांच के नमूने केजीएमयू से पुणे स्थित लैब में भेजे जाएंगे। हालांकि, सीएमओ की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
सीएमओ मेजर डॉ. डीएम बाजपेयी के अनुसार शनिवार कोरोना की जांच के लिए एक नमूना बीएचयू भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उधर, शनिवार को एसआरएन और चिल्ड्रेन अस्पताल की कोरोना ओपीडी में कोई संदिग्ध नहीं आया। स्वरूपरानी की ओपीडी में 80 से अधिक मरीज पहुंचे थे। लेकिन चिकित्सकों के मुताबिक किसी में भी संक्रमण नहीं मिला।