फिरोजाबाद की सड़कों पर घूम रहे गोवंश हमलावर हो रहे हैं। पिछले 56 दिनों में गोवंशों के हमलों में सात लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार को गोवंश के हमले में सिपाही जितेंद्र यादव के घायल होने के बाद नगर निगम के जिम्मेदारों को सुध आई। रविवार रात से गोवंशों को पकड़ने का अभियान शुरू हुआ। नगर निगम की टीम ने जलेसर रोड से तीन गोवंशों को पकड़ कर जलेसर रोड स्थित कान्हा गोशाला भेजा।
छुट्टा गोवंश...खतरे में जान: फिरोजाबाद में 56 दिन में सात लोगों की हो चुकी है मौत, अब जागा नगर निगम
गोवंश ने कब-कब किए हमले
- 15 फरवरी को रामगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मैलई निवासी किशन व उसके पुत्र की मौत।
- 20 फरवरी को गोवंश के हमले से भौडेला निवासी महिला राजवेटी की जान चली गई।
- 04 मार्च को ममता डिग्री कॉलेज के समीन गोवंश के हमले से सबूदार की मौत।
- 13 मार्च को सिरसागंज के गुंजन चौराहे के समीप बाइक सवार भईयालाल की मौत।
- 18 मार्च को उत्तमनगर सैलई निवासी सोनू की मौत। सोनू भईयालाल के साथ गोवंश के हमले में घायल हुआ था। दोनों के एक साथी की भी मौत उपचार के दौरान हुई थी।
- नौ अप्रैल को दक्षिण थाने पर तैनात सिपाही जितेंद्र यादव पर रात में गोवंश ने हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आगरा में उनका उपचार चल रहा है।
इन स्थानों पर सर्वाधिक घूमते हैं गोवंश
कोटला रोड नवीन फल एवं सब्जी मंडी, जलेसर रोड उत्तर थाने के पास, नई बस्ती धोबी वाली पुलिया के पास, जलेसर रोड शमसान घाट के पास, झील की पुलिया, बिल्टीगढ़ चौराहा के पास, ममता डिग्री कॉलेज के पास, गुंजन चौराहा के पास व कठफोरी टोल टैक्स के समीप काफी संख्या में गोवंश हाईवे पर घूमते हैं जो हादसे का कारण बनने के साथ लोगों पर हमला भी कर देते हैं। इससे कई बार लोगों की मौत भी हो जाती है।नगर निगम द्वारा शहर में दो गोशालाओं में संचालन किया जाता है। कान्हा गोशाला में वर्तमान में 317 और आर्यनगर गोशाला में 101 गाय मौजूद हैं। दोनों गोशालाओं में 418 गाय मौजूद हैं।