एटा जनपद में गुरुवार दोपहर 1.45 बजे से जोरदार बारिश शुरू हुई। कुल आधे घंटे की बारिश में पूरे शहर में जलभराव हो गया। सड़कें, गलियां, बाजारों के अलावा घरों-दुकानों के अंदर तक पानी भर गया। कई इलाकों से शाम तक पानी निकल पाया। इससे पालिका के नाला सफाई कार्य की पोल खुल गई। इसके अलावा देहात क्षेत्रों में भी जमकर पानी बरसा और लोगों को गर्मी से राहत के साथ ही जलभराव, कीचड़ जैसी समस्या से भी जूझना पड़ा। गुरुवार दोपहर 12 बजे से आसमान में बादल छा गए। कुछ देर बाद धूल भरी आंधी चली और बड़ी-बड़ी बूंदों के साथ बरसात शुरू हो गई। चंद मिनटों में झमाझम बारिश होने लगी। सड़कों पर निकलने वाले लोग जहां के तहां ठहर गए। आधे घंटे बारिश के बाद शहर की सूरत बदल गई। हाथी गेट, गांधी मार्केट, घंटाघर, बाबूगंज आदि में जलभराव हो गया।
एटा: आधे घंटे की बारिश से शहर हुआ 'जलमग्न', घर और दुकानों में भरा पानी, तस्वीरें
जीटी रोड स्थित मस्जिद के पास बनी दुकानों में नाली का पानी भर गया। रेवाड़ी मोहल्ला में नाला चोक होने की वजह से पानी गली तक भर गया। पता ही नहीं लग रहा था कि गली कहां है और नाला कहां है।
जैथरा कस्बा और क्षेत्र में बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। किसान किशनलाल वर्मा और कलेक्टर सिंह ने बताया कि बरसात के बाद खेतों की जुताई कर मक्का की बुवाई आसान हो गई है।
नगर पालिका द्वारा नालियों की ठीक से सफाई नहीं कराने की वजह से इसका खामियाजा हमें भुगतना पड़ रहा है। - अबरार
आधे घंटे की बारिश से ही दुकानों में पानी भर गया है। जिसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। - इकरार
तेज बारिश की वजह से दुकानों में पानी भर गया और सामान भी भीग गया। इससे काफी नुकसान हुआ है। - पप्पू
अतिक्रमण वाले स्थानों पर नालों की सफाई नहीं हो पाई है। जिसकी वजह से बरसात का पानी सड़क पर बहने लगा। जल्द ही अतिक्रमण हटवाकर सफाई कराई जाएगी। जिससे मानसून में जलभराव की समस्या न हो। - डॉ. दीप वार्ष्णेय, ईओ, नगर पालिका
12वीं कक्षा परीक्षा परिणाम: सीबीएसई के फार्मूला पर जानिए क्या है ताजनगरी की प्रतिक्रिया