ताजमहल में शाहजहां का तीन दिवसीय उर्स मनाया जा रहा है। दूसरे दिन दोपहर दो बजे से पर्यटकों को निशुल्क प्रवेश दिया गया। ताजमहल में निशुल्क प्रवेश के कारण सोमवार को पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा। ताजमहल पश्चिमी गेट पर नीम तिराहा चौराहा तक सड़क खचाखच भरी रही। यहां दो से तीन घंटे तक लोगों को सुरक्षा जांच कतार में लगना पड़ा, तब जाकर प्रवेश मिला। पुलिस ने भीड़ में अव्यवस्था फैलाने और कतार तोड़ने वालों पर लाठियां फटकारीं तो अंदर मुख्य गुंबद पर रेलिंग कूदकर मकबरे पर चढ़ने का प्रयास करने वाले युवकों पर एएसआई कर्मचारियों ने लाठियां चलाईं। पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी व्यवस्थाएं तार-तार होती रहीं।
2 of 6
गुंबद में जाने के लिए लगी लंबी कतार
- फोटो : अमर उजाला
सीआईएसएफ के जवानों को मुख्य मकबरे पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए बार बार लाठियां फटकारनी पड़ीं। यही हाल रॉयल गेट से मुख्य मकबरे का रहा, जहां वाटर चैनल के दोनों ओर पर्यटकों की भारी भीड़ रही। चमेली फर्श और उसके ऊपर मकबरे पर पर्यटकों की गोल गोल कतार लगीं, जिनमें दो घंटे बाद तहखाने के लिए नंबर आया। थककर लोग मकबरे पर ही बैठ गए।
3 of 6
ताजमहल के गेट पर पर्यटकों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
लेबर गेट से निकाले सैलानी, हो गए परेशान
ताजमहल के अंदर 60 हजार से ज्यादा सैलानी पहुंच गए, जिनके कारण मुख्य मकबरे पर दबाव बढ़ गया। ऐसे में पर्यटकों को लेबर गेट से ताज के बाहर भेजा गया। जो पर्यटक ताजमहल पश्चिमी गेट से अंदर आए थे, उन्हें इस चक्कर में परेशान होना पड़ा।
4 of 6
अव्यवस्था फैलाने वालों पर दौड़ाता सीआईएसएफ का जवान
- फोटो : अमर उजाला
काली मस्जिद के सामने लेबर गेट से उन्हें पाठक प्रेस से ताजगंज थाना और पश्चिमी गेट होकर पार्किंग तक पैदल जाना पड़ा। करीब 1.50 किमी का अतिरिक्त चक्कर उन्हें लगाना पड़ा। बुजुर्ग और महिलाओं के साथ बच्चे फ्री के चक्कर में कुल तीन से चार घंटे तक कतार का हिस्सा रहे, तब जाकर तहखाने में असली कब्रों को देख सके।
5 of 6
ताजमहल में चढ़ाई जाएगी हिंदुस्तानी सतरंगी चादर
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार को पेश होगी 1381 मीटर लंबी सतरंगी चादर
खुद्दाम ए रोजा कमेटी के अध्यक्ष ताहिरुद्दीन ताहिर के मुताबिक शाहजहां उर्स के आखिरी दिन मंगलवार को दोपहर में 1381 मीटर लंबी हिंदुस्तानी सतरंगी चादर पेश की जाएगी। दक्षिणी गेट स्थित हनुमान मंदिर से धर्मगुरुओं की मौजूदगी में सतरंगी चादर ताजमहल पश्चिमी गेट से ले जाई जाएगी। इसके अलावा फूलों की चादर, मोतियों की चादरें पेश की जाएंगी।