हर शाम पिता अरुण की गोद में खेलने वाला शिवा मायूस है। उसकी आंखें पिता को इधर-उधर देख रही हैं। घर में किसी नए व्यक्ति के आते ही पिता के बारे में मां से पूछने लगता है। हर कोई उसे अभी आने की कहकर मां के पास बैठा देता है। इस पर मासूम रोने लगता है। मां सोनम उसे संभाल रही है। यह हाल अरुण के घर का है। अरुण के तीन बच्चे हैं। इनमें दो बेटी और एक बेटा है। चार साल का शिवा पिता का लाडला था। वह रोजाना उनकी गोद में खेलता था। टॉफी लेने भी जाता था। उनके साथ खाना भी खाता था। मगर, पांच दिन से पिता को नहीं देख पाने के कारण वो मायूस है। घर में लोगों का तांता लगा है। सबसे वो यही पूछता है कि पापा कब आएंगे। वो घर में आईं महिलाओं के साथ कभी खेलने लगता है तो कभी पिता को याद करते हुए रोने लगता है। शिवा को दादी चुप कर देती हैं। मां उसे खाना खिलाकर सुला देती है। सोकर जागते ही वो फिर से पापा-पापा कहता रहता है। सोनम भी बेटे और बेटियों को लेकर चिंतित है।
आगरा पुलिस हिरासत में मौत: पिता को याद कर रहा मासूम शिवा, मां कर रही चुप, मृतक की पत्नी को बच्चों के भविष्य की चिंता
भाई बोले पुलिस की कार्रवाई से हैं संतुष्ट, महिलाओं ने लगाए आरोप
अरुण के भाई बंटी और सोनू का कहना था कि वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। उन्हें न्याय मिलना चाहिए। शासन प्रशासन उनके साथ है। वह जो भी करेगा सही करेगा। हालांकि परिवार की महिलाएं पुलिस पर आरोप लगा रही हैं। वो यही कह रही हैं कि पुलिस ने अरुण की पिटाई की।
चप्पे चप्पे पर रहा पुलिस का पहरा, छावनी बना लोहामंडी
छिंगा मोदी पुल मोहल्ले में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। अरुण के घर में महिला पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में बैठी रहीं। घर में कौन आ रहा है, कौन जा रहा है, लोग क्या बोल रहे हैं, इस सब पर पुलिस की नजर है। कुछ की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। इसके अलावा लोहामंडी-जयपुर हाउस मार्ग पर मोहल्ले के बार बैरियर लगाए गए हैं। मोहल्ले के सामने ही पुलिस का कैंप भी लगाया गया है। इसके अलावा बृहस्पतिवार को एसपी आरए पूर्वी के. वेंकट अशोक, एसपी सिटी विकास कुमार, सीओ अछनेरा महेश कुमार, सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह भी फोर्स के साथ मौजूद रहे।
थाना जगदीशपुरा में चोरी के मामले में पकड़े गए अरुण कुमार की हिरासत में मौत के मामले के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां कमला देवी का कहना है कि पुलिस वालों ने चोरी का आरोप लगाते हुए पूरे परिवार को उठा लिया और उनकी पिटाई लगाई। अरुण कुछ पुलिस वालों के नाम बता रहा था। नाम उजागर न हो जाएं, इसलिए उसे मार दिया। मुझे इंसाफ चाहिए जिसने उसे मारा है उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
अरुण की मौत के बाद वाल्मीकि समाज के लोग भी एकजुट होने लगे हैं। इससे बवाल की आशंका है। आसपास के जिलों से भी फोर्स को बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मालखाना से 25 लाख रुपये की चोरी के मामले में शक के घेरे में आया सफाई कर्मचारी ताजगंज क्षेत्र में छिपा हुआ था। उसने पुलिस से बचने के लिए अपना सिर मुंडवा लिया था। मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की टीम उससे पूछताछ कर रही थी।
आगरा: मालखाना से 25 लाख की चोरी के आरोपी सफाई कर्मी की मौत, पत्नी ने लगाए आरोप, कहा-पुलिस ने लगाई पिटाई