आगरा में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के श्री पारस अस्पताल प्रकरण की जांच को सतही बताते हुए प्रशासनिक जांच पर प्रश्न चिह्न लगते ही अधिकारियों के सुर बदल गए। जांच रिपोर्ट के 14 दिन बाद शुक्रवार को जिलाधिकारी ने कहा कि श्री पारस अस्पताल को क्लीन चिट नहीं दी गई है। पुलिस जांच चल रही है। 10 पीड़ितों की शिकायतों को न्यू आगरा पुलिस के पास भेजा है। मुकदमे की विवेचना में इन्हें शामिल कर पुलिस आपराधिक धाराओं में कार्रवाई के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है।
जिलाधिकारी कार्यालय से 19 जून को थाना न्यू आगरा निरीक्षक को रिपोर्ट भेजी गई थी। डीएम ने अमर उजाला से रिपोर्ट साझा की। जिसमें 10 मृत मरीजों के परिजनों की शिकायतों पर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है। एसएसपी को भी पत्र भेजा था। वायरल वीडियो कब बना, किसने बनाया, कौन-कौन लोग शामिल हैं आदि बिंदुओं पर जांच अभी बाकी है।
2 of 5
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह
- फोटो : अमर उजाला
डीएम प्रभु एन सिंह ने कहा कि ऑक्सीजन कमी का हवाला देते हुए मरीजों को डिस्चार्ज करने के आरोप हॉस्पिटल संचालक पर सिद्ध हुए हैं। प्रशासन ने ही एफआईआर कराई है। पीड़ितों के आरोपों की जांच के लिए उनके प्रार्थनापत्र पुलिस को भेजे हैं।
3 of 5
श्री पारस अस्पताल: डीवीआर ले जाता पुलिसकर्मी (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
डीएम ने कहा कि पुलिस हर तरह की कार्रवाई के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। शासन की तरफ से क्लीन चिट देने का जिक्र पूरी रिपोर्ट में कहीं नहीं है। आगे की कार्रवाई और अंतिम रिपोर्ट पुलिस जांच पर निर्भर है। पुलिस पीड़ितों की शिकायतों पर मुकदमा अलग दर्ज करे या उन्हें विवेचना में शामिल करे।
4 of 5
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक करते उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
श्री पारस अस्पताल के मॉकड्रिल प्रकरण में जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट से उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा संतुष्ट नहीं हैं। शुक्रवार को सर्किट हाउस में उन्होंने जिलाधिकारी की जांच को सतही बताया। कहा कि सभी बिंदुओं पर अभी गहराई से जांच होना बाकी है। ये अंतिम रिपोर्ट नहीं है। जांच अभी जारी रहेगी।
5 of 5
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डीएम से अंतिम रिपोर्ट आने दीजिए, अस्पताल के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। संचालक के विरुद्ध पहले ही मुकदमा दर्ज है। लाइसेंस निलंबित किया जा चुका है। बता दें कि उपमुख्यमंत्री ने इस पूरे प्रकरण पर डीएम से अंतिम रिपोर्ट मांगी है।