आगरा के थाना सिकंदरा के गांव गैलाना में 14 साल की किशोरी की हत्या के बाद तनाव का माहौल है। शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में आने पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने जल्दबाजी में दबाव बनाकर अंतिम संस्कार करा दिया। दोपहर में 12 बजे बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार की महिलाएं सड़क पर आकर हंगामा करने लगीं। उन्हें पुलिस ने रोका तो नोकझोंक होने लगी। महिलाएं सड़क पर लेट गईं। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर ही वे मानीं।
2 of 5
किशोरी हत्याकांड: गांव गैलाना में पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को किशोरी घर से दोपहर तकरीबन दो बजे शौच के लिए निकली थी। दो घंटे बाद घर से 200 मीटर दूर जंगल में उसका शव पड़ा मिला था। वह तालाब में अर्द्ध नग्न हालत में थी। पुलिस के शव उठाने पर लोगों ने हंगामा किया था। भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के आने पर लोग माने थे। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस हत्यारोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
3 of 5
किशोरी हत्याकांड: टेंपो के पास ग्रामीणों को हटाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार की सुबह पैनल से शव का पोस्टमार्टम हुआ। शव के गांव में पहुंचने से पहले पूरा इलाका छावनी बना दिया गया। पुलिस के साथ ही पीएसी को भी लगाया गया। शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। गांव में करुण क्रंदन गूंजने लगा। मृतका के परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस से शव लाने के बाद पुलिस ने पांच मिनट ही शव घर के बाहर रखने दिया।
4 of 5
गांव में पुलिस फोर्स
- फोटो : अमर उजाला
मां को मृतका का चेहरा दिखाने के बाद गांव के यमुना किनारे के घाट पर शव ले जाया गया। पुलिस ने रिश्तेदारों के आने का भी इंतजार नहीं करने दिया। अंतिम संस्कार में जल्दबाजी दिखाई। पहले वह लोग शव को दफनाना चाहते थे, लेकिन बाद में परिजनों ने आपस में बातचीत कर दाह संस्कार किया। शनिवार दोपहर में 12 बजे बड़ी संख्या में आक्रोशित महिलाएं गांव से बाहर सड़क पर आ गईं।
5 of 5
एसपी सिटी ने महिलाओं ने समझाया
- फोटो : अमर उजाला
महिलाओं ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग की। इनमें मृतक परिवार की महिलाओं के साथ गांव की महिलाएं भी थीं। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो हंगामा करने लगीं। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद, एएसपी अभिषेक अग्रवाल ने महिला पुलिसकर्मियों की मदद से महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सड़क पर लेट गईं। पुलिस ने सभी को उठाकर समझाया। एसपी सिटी ने कहा कि पुलिस घटना के खुलासे के प्रयास में लगी है। आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा। आश्वासन मिलने पर ही महिलाएं मानीं।