आगरा के थाना जगदीशपुरा के मालखाने से चोरी के मामले में हिरासत में लिए अरुण की मौत पर घिरी पुलिस पर एक आरोप और लगा है। परिवार की महिलाओं का कहना है कि पुलिस ने घर में दबिश दी। अलमारी के लॉकर से लेकर खिड़की का दरवाजा तक तोड़ दिया। बच्ची की गुल्लक तोड़कर रुपये निकाल लिए। घर से नकदी और जेवरात ले गई। वह कहते रहे कि यह उनकी जमा पूंजी है। इसके बावजूद पुलिसवालों ने एक नहीं सुनी।
आगरा: मृतक सफाई कर्मी की मां ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- मेरा बेटा निर्दोष था, नहीं बरामद हुई कोई रकम
मोहल्ला पुल छिंगा मोदी में अरुण का परिवार चार कमरों के मकान में रहता है। गुरुवार को परिवार से मिलने आए लोगों के सामने महिलाओं ने एक ही बात कही कि सबसे पहले रविवार को उनके घर पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने घर की तलाशी ली थी। दबिश के नाम पर उत्पात मचाया।
2 of 5
घर में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
अरुण के भाई संजय की कई साल पहले मौत हो गई थी। उनकी पत्नी सुनीता बच्चों के साथ रहती हैं। उनकी बेटी शिवानी की नवंबर में शादी है। सुनीता ने अपनी अलमारी दिखाते हुए कहा कि पुलिस ने लॉकर ही तोड़ दिया। उसमें जो मिला, वो बटोर लिया। इसमें बेटी की गुल्लक भी रखी थी। इसमें वो रुपये जोड़ा करती थी। पुलिस ने गुल्लक को भी तोड़ दिया। उसमें से रुपये निकाल लिए। जेवरात भी लूट लिए।
3 of 5
अरुण का फाइल फोटो, दूसरी तस्वरी में उसकी मां
- फोटो : अमर उजाला
परिवार की नीलम ने बताया कि पुलिस ने उनके बच्चों की गुल्लक भी तोड़ दी। उनकी अलमारी की रैक निकाल ली। अरुण के कमरे की खिड़की का लकड़ी का दरवाजा भी तोड़ दिया। घर में सामान खंगाल डाला। बृहस्पतिवार तक घरवालों ने घर को नहीं संभाला, जिससे पुलिस की हकीकत सभी को पता चल सके।
4 of 5
हिरासत में सफाईकर्मी की मौत का मामला
- फोटो : अमर उजाला
भाई बोले- पुलिस की कार्रवाई से हैं संतुष्ट
अरुण के भाई बंटी और सोनू का कहना था कि वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। उन्हें न्याय मिलना चाहिए। शासन प्रशासन उनके साथ है। वह जो भी करेगा सही करेगा। हालांकि परिवार की महिलाएं पुलिस पर आरोप लगा रही हैं। वो यही कह रही हैं कि पुलिस ने अरुण की पिटाई की है।
5 of 5
अरुण के घर तैनात पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
चप्पे-चप्पे पर रहा पुलिस का पहरा
छिंगा मोदी पुल मोहल्ले में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। अरुण के घर में महिला पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में बैठी रहीं। घर में कौन आ रहा है, कौन जा रहा है, लोग क्या बोल रहे हैं, इस सब पर पुलिस की नजर है। कुछ की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। इसके अलावा लोहामंडी-जयपुर हाउस मार्ग पर मोहल्ले के बार बैरियर लगाए गए।