भारी बर्फबारी के बाद हिमाचल के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में आज मौसम खुल गया है। मौसम खुलते ही बर्फ से लकदक लाहौल की वादियों का शानदार नजारा देखने को मिला। रोहतांग दर्रा समेत ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। अटल टनल रोहतांग होकर मनाली व केलांग के बीच यातायात बहाल हो गया है। बर्फबारी के चलते वाहनों के पहिये थम गए थे।
तस्वीरें: मौसम खुलते ही बर्फ से लकदक लाहौल की वादियों का दिखा शानदार नजारा
वहीं, मौसम साफ होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। लाहौल में हुई ताजा बर्फबारी के बाद बंद निगम की बस सेवा 24 घंटे बाद फिर से लाहौल की सड़कों पर दौड़ना शुरू होगी। मंगलवार को मौसम साफ होने पर घाटी के अंदरूनी रूटों केलांग-उदयपुर, केलांग-दारचा और केलांग-कोकसर पर बस सेवा फिर से शुरू हो गई है।
एचआरटीसी ने जिले के अंदरूनी रूटों पर बसें चलानी थी। कुछ रूटों को छोड़कर अन्य रूट बाधित रहे। बिजली के तार बर्फबारी से क्षतिग्रस्त होने के कारण लाहौल के कई गांवों में अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। मोबाइल का नेटवर्क भी गायब है। वहीं, रोहतांग समेत पर्यटन नगरी मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं।
सिस्सू नाले के आसपास सोमवार को फिसलन भरी सड़क होने से कई घंटे जाम लगा। सिस्सू पंचायत के पूर्व प्रधान जगदीश कटोच ने कहा कि कुछ वाहन जेसीबी की मदद से निकाल कर मनाली भेजे गए। कुंजुम दर्रा बंद होने के चलते काजा जाने वाले वाहनों को कोकसर चेक पोस्ट से वापस भेजा गया।
एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने कहा कि केलांग से उदयपुर, मयाड़ घाटी, तिंदी और किलाड़ बस सेवा मंगलवार को शुरू कर दी है। चंद्रा घाटी में सड़क पर बर्फ होने और फिसलन के खतरे को देखते हुए लंबे रूटों की बसें मनाली से चलाई जा रही हैं।