जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। रविवार देर रात से बर्फबारी शुरू हुई। सोमवार दिन भर हिमपात होता रहा। रोहतांग दर्रा और बारालाचा पास सहित मनाली काजा को जोड़ने वाले कुंजम दर्रा में भारी बर्फबारी से रोहतांग दर्रा यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है।
उधर, कोकसर और सिस्सू पंचायत में इस सर्दी की तीसरी तथा घाटी के अन्य इलाकों में दूसरी बार बर्फबारी हुई। ताजा हिमपात के बाद घाटी का तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल, गुफा होटल, कोकसर, सिस्सू, खांगसर और गोंधला में करीब 20 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। नॉर्थ पोर्टल में फिसलन का खतरा हो गया है। कुछ वाहनों को धक्का लगाकर और पुलिस की मदद से मनाली की ओर भेजा गया। रोहतांग, बारालाचा पास में 45 सेंटीमीटर से अधिक बर्फ रिर्कार्ड की गई।
कुंजम पास में भी 30 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। तोद घाटी के तिनो, जिस्पा, दारचा, छीका-रारिक सहित दीपक ताल और चंद्रताल में भी भारी बर्फबारी की सूचना है। बर्फबारी होने के कारण अटल टनल के साउथ पोर्टल से दोपहर बाद पर्यटकों के वाहन नहीं भेजे गए। सड़क में फिसलन होने से कई जगह वाहन फंसे होने की सूचना है।
उधर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि रोहतांग दर्रा होकर यातायात को रोक दिया है। टनल के आसपास भी बर्फबारी जारी है। पर्यटक मौसम को देखते हुए टनल की ओर न जाएं। उधर, जनजातीय क्षेत्र जिला किन्नौर में सोमवार को ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी हुई। पांगी के साचपास में 20 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। भरमौर में मणिमहेश कैलाश, कुगति, चौबिया, कालीछौह, जालसू और इंद्रहार जोत पर दो इंच तक बर्फबारी हुई है।