हिमाचल में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में बर्फ के फाहे गिरे, जबकि साथ लगते सोलंगनाला में नए साल का पहला हिमपात हुआ है। रोहतांग, लाहौल, किन्नौर और चंबा की चोटियां एक बार फिर बर्फ से सफेद हो गई हैं। हालांकि, शिमला में शुक्रवार को न बारिश हुई और न ही बर्फबारी। हल्के बादल छाए रहे। सूबे में औसतन तापमान तीन डिग्री तक गिर गया है।
तस्वीरें: मनाली में फाहे, सोलंगनाला में साल का पहला हिमपात
पूरे प्रदेश में शीतलहर चल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11 जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। पर्यटन नगरी मनाली में वीरवार रात और शुक्रवार दोपहर हल्की बर्फबारी हुई। बर्फ के फाहे देख कर पर्यटक होटलों से बाहर निकल आए और माल रोड पर जमकर मस्ती की।
मनाली से सटे सोलंगनाला और जलोड़ी दर्रे में पांच जबकि रोहतांग में 15 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते बाह्य सराज की 58 पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। नेशनल हाईवे-305 पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। जलोड़ी दर्रा बंद होने से एचआरटीसी की चार और एक निजी बस फंस गई है।
वीरवार रात को भरमौर मुख्यालय सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों उलांसा, मलकौता, सुप्पा, चौबिया, कुगती, पूलन, ग्रीमा, चलेड़, सवाई ककरी, क्वारंसी, मिनी स्विट्जरलैंड खज्जियार, जोत, लक्कड़मंडी में पांच से सात सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। किन्नौर की चोटियों पर भी शुक्रवार शाम से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है।
न्यूनतम तापमान
केलांग -8.0
कल्पा -4.0
मनाली -2.6
डलहौजी -0.6
शिमला 2.1
ऊना 2.2
सोलन 2.6
सुंदरनगर 3.0
धर्मशाला 5.2