राजधानी में शिमला फेस्ट 2018 का वीरवार को आगाज हुआ। ऐतिहासिक रिज मैदान पर छात्र-छात्राओं की ओर से आयोजित कश्मीरी नृत्य और पहाड़ी नाटी की प्रस्तुतियों के साथ शिमला फेस्ट का आगाज हुआ।
चार दिवसीय शिमला फेस्ट की पहली सांस्कृतिक संध्या पर स्कूली छात्र-छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों से खूब वाहवाही बटोरी। शहर के अलग-अलग स्कूलों की ओर से आए छात्र-छात्राओं ने शाम साढ़े चार बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर दिए।
छोटा शिमला स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पहाड़ी नाटी आयोजित कर समारोह की शुरुआत की। इसके बाद स्वर्ण पब्लिक स्कूल टुटीकंडी की ओर से राजस्थानी नृत्य, आंचल पब्लिक स्कूल दुधली की ओर से कश्मीरी नृत्य और पोर्टमोर स्कूल की छात्राओं की ओर से चंबयाली नृत्य प्रस्तुत कर मनमोहक प्रस्तुतियां पेश कीं।
संस्कृत महाविद्यालय फागली, राजकीय कॉलेज चौड़ा मैदान और राजकीय कन्या कॉलेज (आरकेएमवी) के छात्र-छात्राओं के बीच इंटर कॉलेज फयूजन डांस प्रतियोगिता आयोजित की गईं।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कांगड़ा के हिमाचली डांस ग्रुप ने भी खूब वाहवाही लूटी।