पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे 154 पर नूरपुर में नशा निवारण केंद्र के पास रविवार सुबह एचआरटीसी की एक बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे डॉक्टर्ज रेजिडेंस कॉलोनी के रास्ते में पलट गई।
एचआरटीसी के नगरोटा बगवां डिपो की बस (एचपी 63-6140) हादसे के वक्त धर्मशाला से पठानकोट जा रही थी। इस हादसे में बस के चालक सहित बस में सवार कुल 21 यात्री घायल हो गए।
हादसे में घायल यात्रियों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए नजदीकी नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल बस चालक सहित चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त एचआरटीसी की यह बस नेशनल हाईवे पर नूरपुर स्थित नशा निवारण केंद्र के पास तीखे मोड़ पर एक ट्रक को ओवरटेक करते हुए तेजरफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और हाईवे के किनारे बने पैरापिट को तोड़ते हुए नूरपुर अस्पताल में तैनात चिकित्सकों की आवासीय कॉलोनी के रास्ते में लुढ़क गई।
बस अगर कुछ मीटर पहले मोड़ पर पलटती तो यहां हाईवे से नीचे की तरफ ज्यादा गहराई के चलते एक बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, इस हादसे की सूचना मिलते ही आसपास रहने वाले लोग बस में फंसे यात्रियों की मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को दुर्घटनाग्रस्त बस से बाहर निकालना शुरू किया।