अब आप शिमला की हसीन वादियों का नजारा धूप के ढलने के बाद भी ले सकेंगे। रात के वक्त जब ट्रेन घनी वादियों और घुमावदार रास्ते से गुजरेगी तो पर्यटकों के लिए सफर बोझिल नहीं रहेगा। रेलवे कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे लाइन पर चलने वाली रेल मोटर कार को नाइट विजन कैमरे लगा कर अपग्रेड कर रहा है। इसकी मदद से पर्यटक ट्रेन में बैठे हुए भी एलईडी स्क्रीन पर पहाड़ों की हसीन वादियों का लुत्फ उठा सकेंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस मोटर कार को स्विट्जरलैंड में चलने वाले विस्टाडोम (पारदर्शी) कोच का लुक दिया जा रहा है।
कोच की छत में स्मार्ट ग्लास लगाया गया है। इसकी खासियत यह है कि ज्यादा धूप होने पर इसे रिमोट से कंट्रोल किया जा सकेगा। इस ट्रेन में ऑल वेदर एयर कंडीशनर लगा है। जो सर्दियों में गर्म और गर्मी के मौसम में ठंडक देगी। उत्तर रेलवे के प्रिंसिपल चीफ मेकेनिकल इंजीनियर अरुण अरोड़ा ने बताया कि इसी माह रेल मोटर कार ट्रैक पर उतर जाएगी। इस तरह के चार रेल मोटर कार को आधुनिक सुविधाओं के अनुसार तैयार करना है।
सैलानियों की जरूरतों को ध्यान में रख रेल मोटर कार को आधुनिक तरीके से तैयार किया जा रहा है। इस ट्रेन में ही कॉफी वेंडिंग मशीन के साथ ही एयर प्यूरीफायर लगा है। सीट आरामदायक होगी। ट्रेन के भीतर और बाहर गोल्ड स्टैंडर्ड की सजावट की है। खिड़की में बड़ा शीशा लगा है, ताकि पर्यटक ठीक से नजारा ले सकें। पहली बार इस रूट पर चलने वाली ट्रेन में यात्रियों को वाई-फाई सुविधा मिलेगी।
रेल मोटर कार को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए कुल 40 लाख रुपया खर्च किया गया है। इसमें एक निजी कंपनी निर्मित इंजन लगाया गया है। इससे ट्रेन की रफ्तार थोड़ी बढे़गी। शोघी-शिमला के बीच यह ट्रेन 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
14 सीटर रेल मोटर कार का किराया 320 रुपये प्रति सवारी निर्धारित किया गया है। बस की तरह दिखने वाली इस रेल कार में यात्रियों के बैठने के लिए गद्देदार सीटें लगी हैं। रोजाना सुबह 5:25 पर मोटर कार कालका से चलती है और 9:25 पर शिमला पहुंच जाती है। शाम के समय शिमला से 5:25 पर मोटर कार कालका रवाना होती है और 9:35 पर कालका पहुंच जाती है। मोटर कार सिर्फ एक ही स्टेशन बडोग में महज आठ मिनट के लिए रुकती है।