नोटबंदी से जहां हर कोई परेशान है वहीं, एक शहर ऐसा भी है जहां कारोबारियों पर जमकर पैसा बरसने लगा है। ये सब कैसे हुआ, इसका एक आसान सा तरीका यहां के लोगों और कारोबारियों ने निकाल लिया और सबके लिए मिसाल कायम कर दी। आइए जानते हैं-
ये शहर हिमाचल का मनाली है। नोटबंदी की घोषणा के बाद मंदी की मार झेल रही पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटन कारोबार अब एकाएक पटरी पर लौटने लगा है। स्थानीय लोगों और कारोबारियों ने नोटबंदी से निपटने का ऐसा तोड़ निकाला कि हर तरफ से मुनाफा होने लगा। इसका पता चलते ही अब पंजाब, दिल्ली, मुंबई, गुजरात और कोलकाता से हनीमून कपल्स यहां पहुंच रहे हैं।
नोटबंदी के बीच ही 10 फीसदी रही होटलों की ऑक्यूपेंसी अब 40 फीसदी तक पहुंच गई है। पर्यटन कारोबार में 30 फीसदी तक बूम आया है। क्रिसमस और नए साल से पहले सूने पड़े होटलों में अब खासी रौनक बढ़ने लगी है।
इस मुनाफे की असली वजह है कैशलैस होना। यहां के छोटे से लेकर बड़े होटल कारोबारी सब कैशलैस हो गए हैं। पीएम मोदी की अपील से पहले ही यहां के लोगों ने नोटबंदी का तोड़ निकालते हुए पर्यटकों को डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने की सुविधा दे दी। खास बात यह भी है कि मनाली के अधिकतर होटल और बाजार कैशलेस हो गए हैं। होटल बुकिंग के अलावा अन्य पेमेंट, खाना-पीना, घूमना और बाजार में खरीदारी क्रेडिट कार्ड से आसानी से हो रही है।
मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि हनीमून कपल्स यहां का रुख कर रहे हैं। ऑक्यूपेंसी दोगुनी हो गई है। हिम-आंचल टैक्सी यूनियन मनाली के प्रधान राजकुमार डोगरा का कहना है कि रोहतांग भले ही बंद हो, लेकिन मढ़ी तक वाहनों की आवाजाही से मंदी की मार छंट रही है। सैलानी यहां खूब लुत्फ उठा रहे हैं। जिला पर्यटन अधिकारी रत्न गौतम का कहना है कि बर्फबारी के बाद मनाली में पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है।