मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध हिमरी गंगा में दामन फैलाकर मांगी गई मन्नत पूरी हो जाती है। देवभूमि में आज यहां आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हिमाचल के मंडी जिले के पधर की ग्राम पंचायत सियून के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध एक दिवसीय हिमरी गंगा मेला रविवार को धूमधाम से मनाया गया। पवित्र स्नान के लिए हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं का तांता दिन भर लगा रहा।
नि:संतान दंपतियों सहित अन्य श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र स्नान के बाद मनौतियां मांगने और चढ़ाने का दौर दिन भर चलता रहा। मान्यता है कि यहां दामन फैलाकर मांगी गई मन्नत पूरी हो जाती है।
कुल्लू जिले के तीर्थ स्थलों पर बीस भादों के अवसर पर हजारों लोगों ने पवित्र स्नान किया। मणिकर्ण, सरयोलसर, खीरगंगा, जिया संगम, वशिष्ठ, क्लाथ आदि में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। वहीं धार्मिक नगरी मणिकर्ण में अरछंडी की माता काली ओड़ी व माता नैणा, जबकि पार्वती ब्यास संगम जिया में मंडी जनपद की माता रीझमी, लंराकेलो के लंराई महादेव, जिया के देवता घटोत्कच, बजौरा के देवता बालक महेश्वर ने भी सैकड़ों हरियानों के संग पवित्र स्नान किया।
कई रोगों से मिलती है मुक्ति- जिया संगम में स्नान करने पहुंचे अजय, विवेक कुमार, रोहित ने कहा कि जिया संगम में हारियानों के साथ देवताओं ने भी पवित्र स्नान किया। उन्होंने कहा कि बीस भादों के स्नान को गुणकारी माना जाता है। मान्यता है कि इस तीर्थ स्थलों पर स्नान करने से कई रोगों से मुक्ति मिल जाती है।
वहीं मणिकर्ण में स्नान करने आए रविंद्र सिंह, लता देवी, ख्याली राम आदि ने कहा कि शनिवार को राम मंदिर में रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय कलाकारों के अलावा स्टार कलाकार नीरू चांदनी ने अपनी मधुर आवाज में भजन प्रस्तुत किए। राम मंदिर समिति के प्रधान जनक राज शर्मा ने कहा कि धार्मिक नगरी मणिकर्ण में 20 भादों के पर्व पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया।