फिल्म 'कोई मिल गया' के रहस्यमयी स्पेस स्टेशन की तरह शिमला में भी लोगों ने आसमान में ऐसा ही कुछ देखा। 1 मिनट के लिए दिखे इस नजारे को देखने के लिए सब बेताब थे।
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) शनिवार शाम को शिमला के रिज मैदान से देखा गया। आम लोगों और पर्यटकों ने इसे देखने का लुत्फ लिया। किसी ने टका बैंच से देखा तो किसी ने इसे आसपास कहीं और जगह से देखा।
अमेरिका की स्पेस एजेंसी नासा ने इसे शिमला से नंगी आंखों से देखने के लिए एक संशोधित समय-सारिणी जारी की है। इसके मुताबिक इसे शाम के वक्त अब चार दिसंबर तक देखा जा सकेगा। केवल तीन दिसंबर को ही नहीं दिखेगा। शनिवार को ये स्पेस स्टेशन लगभग एक मिनट के लिए ही देखा जा सका। शाम को ठीक 6 बजकर 37 मिनट के बाद ये नजर आया। ये स्पेस स्टेशन दक्षिणी-पूर्व दिशा से चलना शुरू हुआ और तेजी से थोड़ा आगे जाकर दक्षिण-पूर्व दिशा में ही छिप गया।
यानी शिमला के रिज मैदान के टका बैंच से जब इसे देखा गया तो आसमान में ये चर्च के निचली ओर से ऊपर की तरफ जाता नजर आया और जाखू मंदिर की दिशा में चर्च के पीछे छिपता नजर आया। ये स्पेस स्टेशन चलते तारे की तरह दिखा।
इस स्टेशन में वैज्ञानिक बैठे हुए हैं। वे विभिन्न विषयों पर शोध कर रहे हैं। दुनिया भर के वैज्ञानिकों की नजरें इन दिनों शिमला के आसमान पर टिकी हुई हैं। अमर उजाला ने ही ये खुलासा किया था कि खगोल वैज्ञानिकों की सबसे बड़ी अंतरिक्ष प्रयोगशाला यानी इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) पिछले कई दिनों से शिमला के आसमान के ऊपर से चक्कर काट रहा है।