प्रदेश के कई क्षेत्रों में लोगों को बुधवार को शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने इस संबंध में चेतावनी जारी की है। हालांकि 31 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 9.4 डिग्री पहुंच गया, वहीं मंगलवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री की कमी दर्ज हुई है।
मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। सुबह और शाम के समय प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में धुंध और पहाड़ी क्षेत्रों में कोहरा पड़ना शुरू हो गया है। बुधवार को ठंड में और इजाफा होने की संभावना है।
सोमवार रात को कल्पा में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6, मनाली में माइनस 3.2, भुंतर में माइनस 1.0, सुंदरनगर में माइनस 0.7, सोलन में माइनस 0.4, चंबा में 0.3, शिमला में 1.7, ऊना में 1.4, बिलासपुर में 2.4, हमीरपुर में 2.6, कांगड़ा में 2.5 और धर्मशाला में 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
उधर, मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 22.0, कांगड़ा में 19.0, सुंदरनगर में 18.5, हमीरपुर में 18.4, बिलासपुर में 17.9, भुंतर में 17.5, नाहन में 17.1, चंबा में 16.9, सोलन में 16.0, धर्मशाला में 14.4, शिमला में 11.9, कल्पा में 9.8, डलहौजी में 7.6 और केलांग में 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
इस साल दिसंबर में सामान्य से 72 फीसदी कम बादल बरसे हैं। बीते साल दिसंबर में सामान्य से छह फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई थी। साल 2018 में 25 दिसंबर तक सूबे में सिर्फ 7.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। प्रदेश के सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है।