धर्मशाला में रविवार को होने जा रहा भारत-न्यूजीलैंड वनडे मैच न सिर्फ दोनों टीमों बल्कि बीसीसीआई के लिए भी अहम होगा। मैच शुरू होते ही कई रिकॉर्ड कायम हो जाएंगे। आइए जानते हैं-
भारत-न्यूजीलैंड अंतरराष्ट्रीय एक दिवसीय मैचों की सीरीज का धर्मशाला स्टेडियम में होने वाला पहला मैच पूरे बीसीसीआई परिवार के लिए ही अहम होगा। क्योंकि बीसीसीआई के करीब आधा दर्जन पदाधिकारियों और खिलाड़ियों का धर्मशाला में यह पहला मैच होगा। धर्मशाला मैदान में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें पहली बार आमने-सामने आएंगी।
सीरीज में जीत की शुरुआत करने के लिए भले ही यंग टीम के साथ मैदान में उतरने वाले कप्तान एमएस धोनी के लिए यह मैच चुनौतियों भरा रहेगा, लेकिन बीसीसीआई के बतौर अध्यक्ष पद पर आसीन होने के बाद अनुराग ठाकुर का उनके गृह स्टेडियम में यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच है तो टीम कोच अनिल कुंबले भी बतौर कोच पहली बार टीम को वनडे मैच में उतार रहे हैं।
इतना ही नहीं टीम के सदस्य मंदीप सिंह और जयंत यादव जहां अंतरराष्ट्रीय एक दिवसीय मैचों की सीरीज में भारतीय टीम का पहली बार हिस्सा बन रहे हैं। वहीं, टीम के सदस्य मनीष पांडे, हार्दिक पांडे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव और केदार जाधव में से कोई भी प्लेइंग इलेवन में शामिल होता है तो यह उनका धर्मशाला में पहला एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच होगा।
भारतीय टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैणा को वायरल फीवर के बाद अब मनीष पांडे पर सबकी निगाहें रहेंगी। क्योंकि पांडे अपने खेल की बदौलत जहां सुरेश रैना की भरपाई कर सकते हैं। वहीं, अपनी बल्लेबाजी का अच्छा प्रदर्शन कर वे टीम इंडिया में अपना स्थान भी पक्का कर सकते हैं। मनीष पांडे पहला भारतीय बल्लेबाज था, जिसने आईपीएल में पहला शतक लगाया था।