हिमाचल माैसम: तीन जिलों में दो दिन भारी बारिश का येलो अलर्ट, राज्य में 95 सड़कें और 35 पेयजल योजनाएं बाधित
प्रदेश के तीन जिलों सिरमौर, कांगड़ा और बिलासपुर में ने शुक्रवार और शनिवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। गुरुवार शाम तक राज्य में 95 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों सिरमौर, कांगड़ा और बिलासपुर में ने शुक्रवार और शनिवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। गुरुवार शाम तक राज्य में 95 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं। 43 बिजली ट्रांसफार्मर और 35 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। गुरुवार को धर्मशाला और ऊना में बारिश हुई, जबकि राजधानी शिमला में दिनभर बादल छाए रहे। मंडी के चौंतड़ा में बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने बाजार में भारी नुकसान पहुंचाया। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग और सैंथल रोड जलमग्न हो गए। करीब 20 दुकानों में पानी और कीचड़ घुस गया। दुकानदारों के अनुसार सामान खराब होने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
धर्मशाला में सुबह करीब साढ़े सात बजे से मौसम खराब रहा और दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। कांगड़ा शहर समेत जिले के कुछ क्षेत्रों में दोपहर बाद तेज बारिश हुई। धर्मशाला के नड्डी क्षेत्र में भूस्खलन से पेयजल योजनाओं को नुकसान पहुंचा है। इससे शहर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई। जिले में 11 गोशालाओं और तीन घरों को भी नुकसान हुआ है। कुल्लू में गुरुवार को मौसम साफ रहा, लेकिन मंगलवार रात हुई बारिश का असर अब भी बना हुआ है। कई सड़कें और बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं और इन्हें बहाल करने का काम जारी है।
उपमंडल कुल्लू में बिउंस बाई-भुलंग, छरोड़ नाला-भ्रैंण, त्रैहण-नरोगी और डुगीलग-डुपकण सड़कें बारिश के कारण बंद हैं। बंजार क्षेत्र में नगलाड़ी-शरची और जिभी-बाहु-गाड़ागुशैणी सड़क पर भी आवाजाही प्रभावित है। विद्युत उपमंडल थलौट के तहत बंजार और सैंज क्षेत्र में 15 ट्रांसफार्मर बंद हैं। चंबा जिले में वीरवार को मौसम साफ रहा। इससे भरमौर-होली से गौरीकुंड के लिए नियमित हवाई उड़ानें संचालित हो सकीं। खराब मौसम के चलते पिछले दो दिनों से उड़ानें प्रभावित थीं। उड़ानें शुरू होने से मणिमहेश यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को राहत मिली और यात्रा व्यवस्था भी सुचारु हुई। ऊना जिले के विभिन्न हिस्सों में बुधवार रात और वीरवार सुबह बारिश हुई। वहीं, मंडी जिले के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई। हमीरपुर में मौसम दिनभर साफ रहा।