हिमाचल प्रदेश में पर्यटन नगरी मनाली, सोलंगनाला और चंबा के पांगी में सोमवार को सीजन का पहला हिमपात हुआ है। राजधानी शिमला में दोपहर बाद बर्फ के फाहे गिरे जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई है। शिमला के बालूगंज और टुटू में भारी ओलावृष्टि हुई है। इससे शिमला-मंडी हाईवे करीब तीन घंटे तक बाधित रहा, जिससे लंबा जाम लग गया। ताजा हिमपात और बारिश से प्रदेश भर में तीन नेशनल हाईवे और 136 सड़कें बंद हैं। 200 बस रूट बंद होने से मुसाफिरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अकेले लाहौल स्पीति में ही 127 सड़कें बंद हो गई हैं।
हिमाचल: पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, फाहे गिरते देख खुशी से झूमे सैलानी, प्रदेश में 136 सड़कें ठप
बिजली-पानी गुल, दो घर गिरे
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मंगलवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं। आठ और नौ दिसंबर को कई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। प्रदेश में 39 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। इसमें 23 सिरमौर, 11 चंबा, तीन मंडी और दो लाहौल में हैं। लाहौल में छह पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। कुल्लू और चंबा में एक-एक मकान गिरा है।
वहीं, मनाली में बर्फ के फाहे गिरते ही सैलानी अपने-अपने होटलों से बाहर निकले। माल रोड पर बर्फ का मजा लिया। वहीं, सैलानियों ने सोलंगनाला में स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, स्नो स्कूटर और स्लैजिंग का मजा लिया। इन दिनों सोलंगनाला सैलानियों के लिए स्नो प्वाइंट बना हुआ है।
मनाली घूमने आए सतीश, रणदीप, संदीप और विजय ने बताया कि बर्फ देखने की बहुत चाह थी, जो आज पूरा हुई है। उन्होंने कहा सोलंगनाला में स्नो सकूटर और स्कीइंग का लुत्फ उठाया। फोटो भी खिंचवाई। शिमला में भी बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी खुशी से झूम उठे। रिज, मालरोड पर सैलानियों ने बर्फ के फाहों का आनंद उठाया।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी में एहतियात बरतें सैलानी
उधर, कुल्लू जिले में बारिश-बर्फबारी और खराब चल रहे मौसम के चलते प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने एडवाइजरी जारी कर स्थानीय लोगों तथा सैलानियों से एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस रिपोर्ट के अनुसार रविवार रात जलोड़ी जोत पर तीन इंच हिमपात दर्ज किया गया है। रोहतांग दर्रा, अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल में भारी बर्फबारी हुई है। उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय लोग और सैलानी बर्फबारी के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों का रुख न करें और नदी नालों से दूर रहें।