देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में 72वां गणतंत्र दिवस उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। पूरा हिमाचल देशभक्ति के रंगों में रंगा नजर आया। राज्यस्तरीय समारोह शिमला के रिज पर आयोजित किया गया जबकि जिला व उपमंडल स्तर पर भी समारोह आयोजित किए गए जिनमें ध्वजारोहण, भव्य मार्च पास्ट और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने ऐतिहासिक रिज पर राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने 2 नागा रेजिमेंट के परेड कंमाडर केप्टन धीरज सैनी के नेतृत्व में प्रस्तुत शानदार मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और सलामी ली। राज्यपाल की धर्मपत्नी वसंथा बंडारू और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Republic Day 2021: देशभक्ति के रंग में रंगा हिमाचल, देखें गणतंत्र दिवस के जश्न की शानदार तस्वीरें
इंडो-तिब्बत बार्डर पुलिस, सशस्त्र सीमा बल के जवानों, पूर्व सैनिकों, राज्य पुलिस, गृह रक्षा बल, हिमाचल प्रदेश डाक सेवा और राष्ट्रीय सेवा योजना केडिट की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की विकासात्मक गतिविधियों की झलक दिखाती प्रदर्शनियां भी लगाई गईं।
कोरोना को देखते हुए समारोह में सुरक्षित शारीरिक दूरी व अन्य नियमों का का पूरा ख्याल रखा गया। सभी को मास्क पहनकर ही समारोह स्थल में प्रवेश करने दिया गया। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रिज मैदान पर उपस्थित रहे।
इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से अपनी झांकिया भी प्रदर्शित की गईं। झांकियों के माध्यम से विभागों ने अपनी विकासात्मक गतिविधियों को दर्शाने का प्रयास किया। इनमें पर्यटन, बागवानी समेत अन्य विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
समारोह का मुख्य आकर्षण विभिन्न जिलों से आए लोक कलाकारों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों ने प्रदेश सरकार की विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों और कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया।