क्रिसमस पर सैलानियों के इस्तकबाल के लिए हिमाचल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में खास इंतजाम किए गए हैं। हिल्स क्वीन शिमला, मनाली, डलहौजी और धर्मशाला में 25 दिसंबर के लिए एडवांस में ही 80 फीसदी तक होटल पैक हो गए हैं। होटलियर 30 से 35 फीसदी तक छूट दे रहे हैं।
मनाली स्थित पर्यटन विकास निगम के होटल क्लब हाउस में मंगलवार रात को क्रिसमस क्वीन चुनी जाएगी। यहां कपल डांस, लेमन डांस के अलावा बच्चों के लिए कई स्पर्धाएं होंगी। शिमला के होटल हॉली-डे होम में 24 दिसंबर से 1 जनवरी तक हिमाचली फूड फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसमें हिमाचली व्यंजनों के अलावा अलग-अलग तरह के कबाब परोसे जाएंगे। सैलानियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और गजल संध्या का भी आयोजन होगा।
शिमला समेत अन्य पर्यटन स्थलों में सैलानियों के स्वागत के लिए होटलों और टूरिस्ट स्थलों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने का काम अंतिम चरण में है। बाजारों में दुकानों को खास तरीके से सजाया जा रहा है। हुड़दंगियों पर नकेल के लिए सड़कों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। क्रिसमस पर शिमला के क्राइस्ट चर्च और कैथोलिक चर्च में विशेष प्रार्थना सभा होगी।
रिज मैदान और मालरोड सहित शहर के बाजारों में सांता क्लॉज बच्चों को गिफ्ट बांटेंगे। धर्मशाला और मैक्लोडगंज के होटलों में 30 से 35 प्रतिशत तक की छूट कमरों की बुकिंग पर ग्राहकों को दी जा रही है। डलहौजी में क्रिसमस पर डीजे नाइट और कैंप फायर का आयोजन होगा।
सैलानियों के लिए दो हॉलीडे स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर सैलानियों की सुविधा के लिए दो हॉलीडे स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं। सैलानियों की ज्यादा संख्या के चलते दोनों गाड़ियां रोजाना कालका से शिमला पैक पहुंच रही हैं।